फरवरी का महीना लगभग निकलने को है और मौसम में भी बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. कई राज्यों में तो सर्द मौसम गायब हो गया है और गर्मी ने दस्तक दे दी है. वहीं, तमिलनाडु, केरल और माहे में हल्की बारिश होने की आशंका है. IMD ने इन इलाकों में 22 फरवरी को गरज, बिजली और 30-40 kmph की स्पीड वाली तेज़ हवाओं के चलने की संभावना जताई है. ऐसे में इन इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है.
यूपी और बिहार में कल कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग IMD ने कल यूपी में मौसम साफ रहने की पूरी संभावना जताई है. हालांकि यूपी के कुछ जिलों में सुबह की ठंड लोगों को परेशान कर सकती है. IMD का अनुमान है कि कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, प्रतापगढ़, फतेहपुर, आजमगढ़, कानपुर, बलिया में सुबह के वक्त घना कोहरा रहने की आशंका है.
वहीं, बिहार में ठंड का कहर जारी है. IMD मौसम विभाग ने कल बिहार के इन जिलों में पटना, गया, जहानाबाद, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सारण, के अलावा, अन्य जिलों में सर्द हवाओं और मौसम ठंडा रहने की संभावना जताई है. यहां इन इलाकों में फिलहाल ठंड का प्रकोप जारी रहेगा.
अगले दो दिनों दिल्ली-NCR में मौसम का हाल
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में कोई खास बदलाव नही दिखने को मिला है. IMD ने 22 फरवरी को दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है और बस सुबह के वक्त हल्का कोहरा लोगों को परेशान कर सकता है. वहीं, अगर तापमान की बात करें तो 28°C और 30°C और 12°C से 14°C के बीच रहने की संभावना है.
23 फरवरी को दिल्ली-NCR में सुबह और शाम की ठंडी हवाएं लोगों को ठंड का एहसास दिला सकती है. IMD मौसम विभाग के मुताबिक कुल मिलाकर मौसम साफ रहेगा और तापमान 29°C और 31°C और 13°C से 15°C के बीच रहने की उम्मीद है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड बिगड़ेगा मौसम
अगर आप हिमाचल प्रदेश या फिर उत्तराखंड में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो सावधान हो जाएं. इन राज्यों में मौसम बिगड़ने की पूरी संभावना है. IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश में 22 से 23 फरवरी तक मौसम खराब हो सकता है. इन इलाकों में बारिश होने की पूरी आशंका है.
वहीं, उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 22 से 24 फरवरी तक मौसम बिगड़ने का अलर्ट जारी किया है. IMD के अनुसार उत्तराखंड के इन इलाकों पिथौरागढ़, बागेश्वर, उत्तरकाशी, चमोली, अल्मोड़ा और नैनीताल में तीन दिनों झमाझम बरिश होने की पूरी संभावना है.
दक्षिण में भारी बारिश IMD अलर्ट
मौसम विभाग IMD ने 21 और 22 फरवरी को साउथ तमिलनाडु, केरल और माहे में कुछ जगहों पर गरज के साथ हल्की बारिश, बिजली कड़कने और 30-40 kmph की स्पीड से तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई है.
इसके अलावा, IMD ने तमिलनाडु, केरल और माहे में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 21 से 24 फरवरी तक और तटीय व उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 22 से 24 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. ऐसे में मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में न जानें की चेतावनी दी है.
लेखक: रवीना सिंह