देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलता नजर आ रहा है. मौसम विभाग IMD ने बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' के चलते दक्षिण भारत और पूर्वी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान आने की संभावना जताई है. यानी की इन इलाकों समेत चक्रवात के प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में सबसे असर देखने को मिल सकता है और कई अन्य राज्यों में यह तूफान तबाही मचा सकता है.
दक्षिण भारत के इन राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
चक्रवाती तूफान अकवान का सबसे व्यापक प्रभाव दक्षिण भारत में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक, 18 से 22 नवंबर तक तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश होने की संभावना है. वहीं, केरल, माहे और रायलसीमा में 18 से 24 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है.
तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 18 से 20 नवंबर के दौरान व्यापक बारिश होने की संभावना है. इसके बाद 21 से 24 नवंबर तक भी इन क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है. 19 और 20 नवंबर को यहां आंधी-तूफान और बिजली गिरने के साथ 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं.
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बदलेगा मौसम
चक्रवाती सिस्टम का असर मध्य भारत के मौसम पर भी पड़ने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 और 22 नवंबर को बारिश हो सकती है. वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश में 20 से 23 नवंबर तक बारिश का दौर देखने को मिल सकता है.
विदर्भ में 20 से 22 नवंबर और छत्तीसगढ़ में 19 नवंबर के साथ 22 से 24 नवंबर के दौरान बारिश होने की संभावना है. खास बात यह है कि 20 और 21 नवंबर को छत्तीसगढ़ में काफी व्यापक बारिश हो सकती है.
बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भी बारिश की चेतावनी
पूर्वी भारत के राज्यों में भी मौसम का असर दिखाई देगा. ओडिशा में 19 और 20 नवंबर को अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है. वहीं, 18 और 21 नवंबर को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है और पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी क्षेत्रों में 19 और 21 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान है. इसके अलावा 20 नवंबर को कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है. झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है. वहीं, बिहार में 21 और 22 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश और बिजली गिरने का खतरा
पूर्वोत्तर राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रह सकता है. अरुणाचल प्रदेश में 18 नवंबर और 21 से 24 नवंबर के बीच बारिश होने की संभावना है. असम और मेघालय में 18 से 24 नवंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश हो सकती है, वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 18 और 19 नवंबर के साथ 22 से 24 नवंबर के दौरान बारिश होने का अनुमान है. वहीं, 20 और 21 नवंबर को इन राज्यों में काफी व्यापक बारिश हो सकती है, वहीं इस सप्ताह पश्चिमी भारत में मौसम में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है.
लेखक: रवीना सिंह