देश में जिस तरह से रोजगार की कमी आ रही है और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है. ऐसे में लोग बिजनेस शुरु करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों के सामने समस्या आती है कि किस बिजनेस की शुरुआत उनके लिए फायदेमंद साबित हो सकती है. ऐसे में पेपर प्लेट और डिस्पोजेबल का करोबार आपके लिए अच्छा विकल्प साबित हो सकता है, जिसकी 12 महीने मांग बनी रहती है. चाहे शादी हो या पार्टी लोगों को डिस्पोजेबल उत्पादों की बेहद जरुरत पड़ती है. चलिए आगे जानते हैं इस बिजनेस को शुरु करने का पूरा गणित.
कितने बजट में शुरु कर सकते हैं बिजनेस?
आज के समय में ऐसे बिजनेस की शुरुआत फायदेमंद मानी जाती है, जिसकी 12 महीने तक डिमांड बनी रहे औरअच्छी इनकम होती रहे. ऐसा ही डिस्पोजेबल उत्पादों का करोबार बेहद ही मुनाफे वाला बिजनेस माना जाता है, क्योंकि शादी, पार्टी, होटल, ढाबों, स्ट्रीट फूड कारोबार में डिस्पोजेबल उत्पादों का अधिक तौर पर इस्तेमाल किया जाता है और साथ ही इस बिजनेस की शुरुआत केवल छोटे स्तर पर ₹40,000 से ₹50,000 के निवेश से शुरू की जा सकती है.
सिर्फ प्लेट ही नहीं, बनाएं कई तरह के प्रोडक्ट
इस कारोबार की खास बात यह है कि एक ही तरह के उत्पाद पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं है. इस्तेमाल की जाने वाली मशीन और डाई के अनुसार अलग-अलग आकार की पेपर प्लेट और कटोरियां तैयार की जा सकती हैं. इसके अलावा बाजार की जरूरत के अनुसार पेपर कप, फूड कंटेनर, मिठाई के डिब्बे और अन्य डिस्पोजेबल पैकेजिंग उत्पादों की दिशा में भी कारोबार बढ़ाया जा सकता है.
तैयार माल कहां बेचें?
इस बिजनेस में मुनाफा सिर्फ उत्पादन पर नहीं, बल्कि बिक्री नेटवर्क पर भी निर्भर करता है. तैयार पेपर प्लेट और अन्य उत्पादों को आसपास की किराना दुकानों, डिस्पोजेबल आइटम दुकानों, कैटरर्स, मिठाई की दुकानों, होटल, ढाबों और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को बेचा जा सकता है और थोक बाजार में डीलरों के माध्यम से माल बेचने का विकल्प भी मौजूद है.
कितनी हो सकती है कमाई?
पेपर प्लेट बिजनेस में कमाई कई चीजों पर निर्भर करती है. इसमें मशीन की क्षमता, कच्चे माल की कीमत, बिजली और श्रम खर्च, उत्पाद की गुणवत्ता, बिक्री कीमत और बाजार की मांग प्रमुख हैं. वहीं, कुछ बाजारों में थोक बिक्री पर करीब 15 से 25 प्रतिशत और खुदरा बिक्री में इससे अधिक मार्जिन मिलने की संभावना हो सकती है. हालांकि वास्तविक मुनाफा हर स्थान और उत्पाद के हिसाब से अलग-अलग होगा.
उदाहरण के तौर पर यदि छोटे स्तर पर उत्पादन करके नियमित ग्राहक तैयार हो जाते हैं, तो खर्च निकालने के बाद ₹20,000 से ₹25,000 तक मासिक लाभ हासिल करने की संभावना हो सकती है.
कौन-कौन से लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन जरूरी हो सकते हैं?
कारोबार शुरू करने से पहले स्थानीय नियमों की जानकारी लेना जरूरी है. छोटे स्तर पर स्थानीय निकाय से अनुमति या अन्य स्थानीय पंजीकरण की आवश्यकता हो सकती है. कारोबार का आकार बढ़ने पर Udyam Registration और GST Registration जैसी जरूरतें लागू हो सकती हैं.
इसके अलावा मशीन, उत्पादन प्रक्रिया और स्थान के आधार पर प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े नियम भी लागू हो सकते हैं. इसलिए कारोबार शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से वर्तमान नियमों और आवश्यक अनुमतियों की जानकारी लेना बेहतर रहेगा. ऐसा करने से आप सफलतापूर्वक इस करोबार की शुरुआत कर सकते हैं.
लेखक: रवीना सिंह