राजस्थान में जिस तरह से मौसम ने करवट ली है राज्य के किसानों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है. तेज बारिश, ओलावृष्टि और चक्रवाती प्रभाव ने रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है. खासकर वे किसान ज्यादा प्रभावित हुए हैं जिन्होंने फसल की कटाई के बाद उसे खेतों में सुखाने के लिए रखा था. ऐसे में सरकार की ओर से राहत भरी खबर सामने आई है. अब इन किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुआवजा मिल सकेगा.
साथ ही कृषि विभाग के अनुसार, कटाई के बाद खेत में रखी फसल को भी बीमा सुरक्षा के दायरे में शामिल किया गया है. यदि फसल कटाई के बाद अधिकतम 14 दिनों तक खेत में रखी गई है और इस दौरान प्राकृतिक आपदा जैसे बारिश या ओलावृष्टि से खराब हो जाती है, तो किसान बीमा क्लेम के पात्र होंगे.
72 घंटे में देनी होगी सूचना
फसल नुकसान की भरपाई पाने के लिए किसानों को कुछ जरूरी शर्तों का पालन करना होगा. सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर देना अनिवार्य है. कृषि विभाग ने सभी बीमा कंपनियों को निर्देश दिए हैं कि सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई शुरू करें और मौके पर जाकर सर्वे करें, ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सकें और ऐसा इसलिए किया गया है, ताकि किसानों को तुरंत ही फसल का क्लेम मि सकें.
कैसे करें फसल नुकसान की सूचना
यदि आपकी फसल भी इस बेमौसम बारिश से प्रभावित हुई है, तो आप कई तरीकों से इसकी सूचना दे सकते हैं इन प्रकार-
-
किसान इस हेल्पलाइन नंबर 14447 पर कॉल करके नुकसान की जानकारी दे सकते हैं.
-
इसके अलावा, कृषि रक्षक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज की जा सकती है.
-
जिन किसानों ने जिस बीमा कंपनी में पॉलिसी ली है, वहां सीधे संपर्क करके भी सूचना दे सकते हैं.
-
अपने नजदीकी कृषि कार्यालय या बैंक में जाकर जानकारी दे सकते हैं.
क्लेम पाने की पूरी प्रक्रिया
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत क्लेम पाने के लिए सबसे पहले किसान को समय पर नुकसान की सूचना देनी होती है. इसके बाद संबंधित अधिकारी और बीमा कंपनी की टीम खेत पर जाकर निरीक्षण करती है. वे फसल के नुकसान का आकलन करते हैं और रिपोर्ट तैयार करते हैं.
रिपोर्ट तैयार होने के बाद उसे सत्यापित किया जाता है. सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बीमा कंपनी मुआवजे की राशि जारी करती है. यह पूरी प्रक्रिया आमतौर पर 1 से 2 महीने के भीतर पूरी हो जाती है, हालांकि कुछ मामलों में समय अधिक भी लग सकता है.
कितना समय लगता है पैसा मिलने में
किसानों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि क्लेम का पैसा कब मिलेगा. आमतौर पर, सूचना देने और सर्वे पूरा होने के बाद लगभग 2 महीने के भीतर भुगतान कर दिया जाता है. सरकार और बीमा कंपनियां इस प्रक्रिया को तेज करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके.
क्लेम स्टेटस ऐसे करें चेक
यदि आपने क्लेम दर्ज कर दिया है और उसका स्टेटस जानना चाहते हैं, तो इसके लिए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध है. इसके लिए आपको आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा और “Application Status” विकल्प पर क्लिक करना होगा. वहां अपनी पॉलिसी आईडी दर्ज करके आप अपने क्लेम की स्थिति आसानी से देख सकते हैं.
लेखक: रवीना सिंह