देश के किसानों को खेती में प्रगतिशील बनाने और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार लाने के लिए केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत की थी, जिसके तहत किसान बहन-भाइयों को सालाना 6 हजार रुपये की सहायता दी जाती है. यानी की इस योजना के तहत किसानों को साल में तीन बार 2 हजार की मदद दी जाती है. अब तक किसानों को इस योजना की 23 किस्तों का लाभ मिल चुका है और अब किसानों की नजर है 24वीं किस्त पर आइए आगे इस लेख में जानते हैं. कब मिलेगा 24वीं किस्त का पैसा.
पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त कब हुई जारी?
पीएम किसान योजना की अब तक सरकार 23 किस्त जारी कर चुकी है और साथ ही बता दे कि इस योजना की 23वी किस्त को जारी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 20 जून, 2026 को पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए से देश के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में भेजी गई थी. ऐसे में अब किसानों की नजर है योजना की 24वीं किस्त पर कब सरकार यह किस्त जारी करेंगी.
कब जारी हो सकती है 24वीं किस्त?
पीएम किसान योजना के तहत आमतौर पर हर चार महीने के अंतराल पर एक किस्त जारी की जाती है. हाल ही में 23वीं किस्त 20 जून को किसानों के खातों में ट्रांसफर की गई थी. यदि सरकार पहले की तरह ही किस्त जारी करने का क्रम जारी रखती है, तो अगली यानी 24वीं किस्त अक्टूबर महीने में जारी होने की संभावना है. हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है. किसानों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक घोषणा पर ही भरोसा करें.
किन किसानों को मिलेगा 24वीं किस्त का लाभ?
24वीं किस्त का लाभ केवल उन्हीं किसानों को मिलेगा जो योजना की सभी आवश्यक शर्तों को पूरा करेंगे. यदि किसी किसान का ई-केवाईसी अधूरा है, बैंक खाते में आधार लिंक नहीं है या भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन पूरा नहीं हुआ है, तो किस्त अटक सकती है.
किस्त पाने के लिए जरूरी शर्तें
-
ई-केवाईसी (e-KYC) पूरी होनी चाहिए.
-
आधार नंबर बैंक खाते से लिंक होना चाहिए.
-
बैंक खाते में डीबीटी सुविधा सक्रिय हो.
-
भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन पूरा हो.
-
योजना में दर्ज सभी जानकारी सही और अपडेट हो.
यदि इनमें से कोई भी जानकारी अधूरी है, तो किसान को समय रहते उसे पूरा कर लेना चाहिए ताकि अगली किस्त मिलने में कोई परेशानी न हो.
कैसे चेक करें अपना स्टेटस?
यदि आप जानना चाहते हैं कि आपको 24वीं किस्त मिलेगी या नहीं, तो अपना स्टेटस ऑनलाइन आसानी से चेक कर सकते हैं-
-
सबसे पहले पीएम किसान योजना की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाएं.
-
उसके बाद होम पेज पर दिखाई देने वाले 'Know Your Status' विकल्प पर क्लिक करें.
-
अब अपना रजिस्ट्रेशन नंबर दर्ज करें. यदि रजिस्ट्रेशन नंबर याद नहीं है, तो 'Know Your Registration Number' विकल्प पर क्लिक करके मोबाइल नंबर या आधार नंबर की मदद से उसे प्राप्त कर सकते हैं.
-
इसके बाद स्क्रीन पर दिया गया कैप्चा कोड भरें और 'Get Details' बटन पर क्लिक करें.
इस प्रक्रिया को पूरी करने के बाद अब आपके सामने आवेदन की पूरी जानकारी दिखाई देगी. यहां आप देख सकते हैं कि आपकी ई-केवाईसी, आधार सीडिंग, बैंक सत्यापन और अन्य आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी हैं या नहीं. यदि सभी स्टेटस सही हैं, तो आपको अगली किस्त मिलने की संभावना बनी रहेगी.
अगर स्टेटस में दिखे समस्या तो क्या करें?
अगर आपके स्टेटस में किसी प्रकार की त्रुटि दिखाई देती है, जैसे e-KYC Pending, Aadhaar Authentication Failed या Land Seeding Pending, तो उसे जल्द से जल्द ठीक करवा लें. इसके लिए आप नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), कृषि विभाग के कार्यालय या पीएम किसान पोर्टल की सहायता ले सकते हैं.
लेखक: रवीना सिंह