देश के करोड़ों किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है. केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना Kisan Maandhan Yojana के तहत किसानों को मिलेगी हर महीने ₹3,000 की निश्चित पेंशन. साथ ही इस योजना में खास बात यह है कि यदि पति-पत्नी दोनों इस योजना में शामिल हैं, तो दोनों को अलग-अलग पेंशन का लाभ मिल सकता है. आइए जानें इस योजना के बारे में पूरी जानकारी.
किसान मानधन योजना क्या है?
केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना की शुरुआत छोटे और सीमांत किसानों के लिए शुरु की गई है. इस उद्देश्य के साथ ताकि, किसानों को वृद्धावस्था में आर्थिक मदद मिल सकें. उनको किसी के ऊपर निर्भर न होना पड़ें वह अपना खर्च उठाकर अपना जीवन यापन कर सकें. साथ ही यह योजना विशेष रूप से उन किसानों के लिए फायदेमंद है जिनके पास सीमित आय के साधन होते हैं.
कब मिलेगा पेंशन का लाभ?
इस योजना का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी गारंटीशुदा पेंशन है. जैसे ही लाभार्थी किसान 60 वर्ष की आयु पूरी करता है, उसे हर महीने ₹3,000 की पेंशन सीधे बैंक खाते में मिलने लगती है. इस तरह किसान को सालाना ₹36,000 की स्थिर आय सुनिश्चित होती है, जो उसके दैनिक खर्चों को पूरा करने में मददगार साबित होती है.
पति-पत्नी दोनों को फायदा
योजना की एक खास विशेषता यह है कि यदि पति और पत्नी दोनों पात्रता की शर्तों को पूरा करते हैं और अलग-अलग पंजीकरण कराते हैं, तो दोनों को ₹3,000-₹3,000 यानी कुल ₹6,000 प्रति माह की पेंशन मिल सकती है. इससे परिवार की आर्थिक सुरक्षा और भी मजबूत हो जाती है.
सरकार भी करती है बराबर योगदान
इस योजना में किसान को हर महीने एक निश्चित प्रीमियम जमा करना होता है, जो उसकी उम्र के आधार पर तय होता है. आमतौर पर यह प्रीमियम ₹55 से ₹200 प्रति माह के बीच होता है. खास बात यह है कि किसान जितनी राशि जमा करता है, सरकार भी उतनी ही राशि उसके खाते में योगदान के रूप में डालती है. इस तरह किसान का निवेश दोगुना हो जाता है और भविष्य के लिए मजबूत फंड तैयार होता है.
छोटे और सीमांत किसानों को विशेष लाभ
देश के अधिकांश छोटे किसान अपनी सीमित आय के कारण बचत नहीं कर पाते. ऐसे में यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है. यह न केवल उन्हें आर्थिक सुरक्षा देती है, बल्कि आत्मनिर्भर बनने में भी मदद करती है. बुढ़ापे में नियमित आय मिलने से किसान सम्मानजनक जीवन जी सकते हैं.
कौन उठा सकता है लाभ?
इस योजना का लाभ लेने के लिए किसान की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इसके अलावा, किसान के पास 2 हेक्टेयर तक की खेती योग्य जमीन होनी चाहिए. योजना में शामिल होने के बाद किसान को 60 वर्ष की आयु तक नियमित रूप से प्रीमियम जमा करना होता है.
कैसे करें आवेदन?
प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना में आवेदन करना बेहद आसान है. किसान अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर या ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं. इसके लिए आधार कार्ड, बैंक खाता और जमीन से संबंधित दस्तावेज जरूरी होते हैं.
लेखक: रवीना सिंह