देश के किसान बहन-भाइयों को अब तक पीएम किसान योजना की 23 किस्तों का लाभ मिल चुका है. इसी के चलते देशभर के किसानों की नजर टिकी है योजना की 24वीं किस्त पर की कब सरकार इस किस्त को जारी करने का ऐलान करेंगी, लेकिन इस दौरान फिर एक बार किस्त में बढ़ोतरी होने की चर्चा तेज हो गई है. ऐसे में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सरकार की तरफ से क्या बोला हैं. आइए जानें.
योजना में सालाना कितनी राशि मिलती है?
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को सरकार हर साल कुल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता देती है. यह रकम एक साथ नहीं दी जाती, बल्कि 2,000-2,000 रुपये की तीन किस्तों में किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है. इस किस्त से सीमांत किसानों की खेती से जुड़े खर्चों में आर्थिक सहायता मिल जाती है और साथ ही किसान सरकार की इस मदद से बीज, खाद, कृषि दवाओं और अन्य खेती संबंधी जरूरतों को पूरा कर लेते हैं.
पीएम किसान योजना में कितनी बढ़ोतरी होने की संभावना?
पीएम किसान योजना की राशि में बढ़ोतरी को लेकर पहले भी किसानों ने गुहार लगाई है और जिस तरह से खेती की लागत में बढ़ोतरी देखने को मिल रही. इसी को देखते हुए पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि में बढ़ोतरी की जानी चाहिए. कई किसान और किसान संगठन चाहते हैं कि सालाना 6,000 रुपये की सहायता को बढ़ाकर 9,000 रुपये किया जाए.
लोकसभा में कृषि मंत्री से क्या पूछा गया सवाल?
पीएम किसान योजना की आर्थिक सहायता राशि बढ़ाने को लेकर लोकसभा में भी सवाल पूछा गया. मीडिया रिपोर्ट मिली जानकारी के अनुसार केरल से कांग्रेस सांसद बेनी बेहनन और CPI सांसद के. राधाकृष्णन की ओर से इस मुद्दे से संबंधित सवाल उठाया गया.
सांसदों ने सरकार से पूछा कि क्या प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली सालाना आर्थिक सहायता को मौजूदा 6,000 रुपये से बढ़ाने का कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन है. इस सवाल के जवाब में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखित जानकारी दी है.
कृषि मंत्री ने क्या कहा?
कृषि मंत्री के जवाब के मुताबिक, फिलहाल पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को दी जाने वाली सालाना आर्थिक सहायता राशि को बढ़ाने का कोई प्रस्ताव नहीं है. इसका मतलब यह है कि अभी किसानों को योजना के तहत पहले की तरह ही सालाना 6,000 रुपये की सहायता मिलती रहेगी. इस जवाब के बाद फिलहाल उन चर्चाओं पर विराम लग गया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि सरकार जल्द ही पीएम किसान योजना की आर्थिक सहायता को 6,000 रुपये से बढ़ाकर 9,000 रुपये सालाना कर सकती है.
24वीं किस्त को लेकर किसानों की नजर
अब किसानों की नजर पीएम किसान योजना की 24वीं किस्त पर है. हालांकि, किस्त की राशि बढ़ाने को लेकर सरकार की ओर से फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं है, इसलिए किसानों को मौजूदा व्यवस्था के तहत ही किस्त मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा, किसानों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी e-KYC, बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी को अपडेट रखें. इसके अलावा, लाभार्थी सूची में अपना नाम भी समय-समय पर जांचते रहें. किसी भी जानकारी में गलती होने पर किस्त का भुगतान अटक सकता है.
लेखक: रवीना सिंह