किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार कई कल्याणकारी सरकारी योजनाएं चला रही है, जिसका फायदा लाखों किसानों को मिल रहा है. अभी हाल ही में महाराष्ट्र सरकार ने राज्य के किसानों को राहत की खबर दी है कि जिन राज्यों को सूखाग्रस्त कर दिया गया है. इन राज्यों के किसानों को सरकार दिवाली से पहले देने वाली है 5000 रुपये तक की आर्थिक सहायता. अगर आप भी इस मदद का फायदा उठाना चाहते हैं, तो खबर को पूरा पढ़ें.
दिवाली से पहले किसानों को कितनी मिलेगी मदद?
महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने किसानों को तत्काल आर्थिक राहत देने का फैसला किया है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के ऐलान के अनुसार, राज्य के प्रभावित किसानों को इस सरकारी सौगात के तहत ₹5,000 की अंतरिम सहायता मिलेगी. इस मदद से किसानों को बीज, खाद, कृषि उपकरण और अन्य जरूरी संसाधनों पर खर्च करने में कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा.
महाराष्ट्र के कितने तालुकों में सूखे की स्थिति है?
महाराष्ट्र में इस वर्ष कम बारिश और अनियमित मानसून ने कृषि क्षेत्र की चिंताएं बढ़ा दी हैं. राज्य सरकार ने सूखे की गंभीरता को देखते हुए 34 जिलों के अंतर्गत आने वाले 305 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित किया है. शुरुआत में 265 तालुकों को इस श्रेणी में रखा गया था, लेकिन स्थिति की समीक्षा के बाद यह संख्या बढ़ाकर 305 कर दी गई. इसलिए सरकार ने इलाकों के किसानों को मदद देने का फैसला लिया है.
किसानों को और कौन-कौन सी राहत मिल सकती है?
सूखाग्रस्त क्षेत्रों में किसानों की मदद के लिए सरकार की ओर से कई तरह के राहत उपाय किए जा सकते हैं. इनमें निम्नलिखित कदम शामिल हैं-
-
बिजली बिल में राहत: सूखे से प्रभावित किसानों को कृषि पंपों के बिजली बिल में छूट या अन्य राहत देने पर विचार किया जा सकता है. इससे सिंचाई से जुड़ा आर्थिक बोझ कम करने में मदद मिलेगी.
-
फसल ऋण पर राहत: पात्र किसानों के फसल ऋण की वसूली पर रोक, ऋण पुनर्गठन या अन्य रियायतें लागू की जा सकती हैं. इनका लाभ संबंधित सरकारी आदेशों और पात्रता नियमों के अनुसार मिलेगा.
-
फसल नुकसान का मुआवजा: जिन किसानों की फसलें सूखे या बारिश की कमी से प्रभावित हुई हैं, वे लागू नियमों के अनुसार फसल नुकसान मुआवजे के पात्र हो सकते हैं. इसके लिए नुकसान का आकलन और आवश्यक सत्यापन महत्वपूर्ण होगा.
-
पानी की व्यवस्था: प्रभावित गांवों में पेयजल और खेती के लिए पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकते हैं.
कैसे मिलेगी ₹5,000 की मदद?
महाराष्ट्र के किसानों को आर्थिक सहायता से जुड़ी जानकारी के लिए कृषि विभाग, जिला प्रशासन और स्थानीय राजस्व कार्यालय से संपर्क करना होगा और साथ ही किसानों को अपनी भूमि, बैंक खाते, खेती से संबंधित दस्तावेज अपडेट रखने चाहिए. यदि सहायता के लिए आवेदन, सत्यापन या किसी विशेष पंजीकरण की आवश्यकता तय की जाती है, तो आधिकारिक निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी करनी होगी तभी यह सहायता किसानों को प्रदान की जाएगी.
लेखक: रवीना सिंह