देश के किसानों और पशुपालकों के लिए सरकार कई कल्याणकारी योजना चला रही है, ताकि किसानों और पशुपालकों की आय में इजाफा किया जा सकें. इसी के चलते छतरपुर जिले के किसानों-पशुपालकों के लिए सरकार समुन्नत पशु प्रजनन योजना चला रही है, जिसके तहत किसानों को 75% तक सब्सिडी मुहैया कराई जा रही है. इस उद्देश्य के साथ ताकि देसी भैंसों की नस्ल में सुधार हो और दूध उत्पादन में बढ़ोतरी हो सकें.
कब से शुरु होगी आवेदन प्रक्रिया?
पशुपालन विभाग के अनुसार, इस योजना के लिए हर साल लक्ष्य निर्धारित किया जाता है. पिछले वर्ष एक ब्लॉक में करीब 10 से 12 सांड वितरण का लक्ष्य रखा गया था, जिसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया. अब 1 अप्रैल 2026 से नए सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया दोबारा शुरू हो चुकी है, जिससे अधिक से अधिक पशुपालक इस योजना का लाभ उठा सकें.
कितना मिलेगा अनुदान?
अगर आप समुन्नत पशु प्रजनन योजना में इच्छुक है और इस योजना के लिए आवेदन कर चुके हैं, तो आपको बता दे कि इस योजना के जरिए सरकार चयनित लाभार्थियों को उच्च वंशावली वाले मुर्रा नस्ल के सांड उपलब्ध कराएंगी. वर्तमान में एक मुर्रा सांड की कीमत की बात करें तो लगभग 45,000 रुपये है, जिसमें से 75% राशि सरकार वहन करती है, जबकि शेष 25% राशि लाभार्थी को जमा करनी होती है. इस तरह किसान कम लागत में अधिक मुनाफे के साथ पशुपालक अपने पशुधन की गुणवत्ता सुधार सकते हैं.
कैसे करें योजना के लिए आवेदन?
अगर आप इस कल्याणकारी योजना का फायदा उठाना चाहते हैं, तो आपको इस आसान प्रक्रियाओं का पालन करना होगा. सबसे पहले, इच्छुक किसान या पशुपालक को अपने ग्राम पंचायत स्तर से प्रस्ताव तैयार करवाना होता है. इसके बाद जरुरी दस्तावेजों आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, पासपोर्ट साइज फोटो, पंचायत से प्रस्ताव के साथ अपने आसपास के पशु चिकित्सा केंद्र में जाकर आवेदन कर सकते हैं.
कौन उठा सकता है योजना का लाभ?
समुन्नत पशु प्रजनन योजना की शरुआत राज्य सरकार ने सभी किसानों, पशुपालाकों के लिए की है. यानी की इस योजना का फायदा राज्य के सभी वर्गों के किसानों और पशुपालकों को मिलेगा. चाहे छोटे किसान हो या फिर बड़े पशुपालक सभी इस योजना का लाभ उठा सकते हैं और अपनी कमाई में बड़ा इजाफा कर अपनी आर्थिक स्थिति को सुधार सकते हैं.
लेखक: रवीना सिंह