आम आदमी की जेब पर पड़ने वाला है फिर एक बार बड़ा झटका. अब सिर्फ LPG सिलेंडर ही नहीं, बल्कि पाइपलाइन के जरिए रसोई तक पहुंचने वाली PNG गैस की कीमतों में बड़ा इजाफा किया गया है. गैस वितरण कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली-एनसीआर सहित कई शहरों में PNG की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है.
इस बढ़ोतरी का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ने वाला है खासकर उन परिवारों पर जो PNG कनेक्शन पर निर्भर है.
दिल्ली में PNG के नए दाम
राजधानी दिल्ली में PNG की कीमत बढ़ाकर अब 49.59 रुपये प्रति मानक घन मीटर (SCM) कर दी गई है. इससे पहले यह दर 47.89 रुपये प्रति SCM थी. यानी उपभोक्ताओं को अब प्रति SCM 1.70 रुपये ज्यादा चुकाने होंगे. इसके अलावा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में कीमत 47.76 रुपये से बढ़कर 49.46 रुपये प्रति SCM हो गई है.यानी इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को भी प्रति यूनिट गैस पर अतिरिक्त भुगतान करना पड़ेगा.
अन्य शहरों में भी बढ़े रेट
महंगाई का असर सिर्फ राजधानी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर भारत के कई अन्य शहरों में भी PNG महंगी हुई है-
|
शहर |
कीमत |
|
मेरठ, मुजफ्फरनगर और शामली |
48.35 रुपये प्रति SCM |
|
अजमेर, पाली और राजसमंद |
48.27 रुपये प्रति SCM |
|
कानपुर, फतेहपुर, हमीरपुर और चित्रकूट |
48.95 रुपये प्रति SCM |
इन बदलावों से साफ है कि गैस की कीमतों में बढ़ोतरी व्यापक स्तर पर की गई है, जिसका असर लाखों परिवारों पर पड़ेगा.
क्यों बढ़ रहे हैं गैस के दाम?
देश में गैस कीमतों में उछाल आने पर गैस वितरण कंपनियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और प्राकृतिक गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. इसके पीछे कई वैश्विक कारण जिम्मेदार हैं-
-
पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक तनाव से सप्लाई चेन प्रभावित हुई है.
-
प्राकृतिक गैस के आयात की लागत बढ़ गई है.
-
परिवहन और लॉजिस्टिक्स खर्च भी पहले के मुकाबले ज्यादा हो गया है.
इन सभी कारणों का असर अंततः घरेलू उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है, क्योंकि कंपनियां बढ़ी हुई लागत को कीमतों में शामिल कर रही हैं.
एलपीजी रसोई गैस में कितनी बढ़ोतरी हुई थी ?
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए देश में पिछले कुछ महीनों में रसोई गैस कीमतों में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिली. मार्च के महीने में LPG गैस सिलेंडर के दाम में करीबन 60 रुपये का इजाफा किया गया था. वहीं कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में भी तीन चरणों में कुल 338 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई हुई, जिससे आम जनता की जेब पर बड़ा झटका पड़ा.
लेखक: रवीना सिंह