Success Story: जैविक उत्पादों के सहारे 20 एकड़ में अनार की सफल खेती, आधी हुई लागत, सालाना टर्नओवर 70 लाख रुपये तक! Rabi Crop Farming: रबी मौसम की फसलों की बुआई हेतु खेत की अग्रिम तैयारी फल और फूलों की खेती में प्रूनिंग के लिए उपयोगी हैं ये STIHL के टूल्स, जानें पूरा विवरण Pusa Corn Varieties: कम समय में तैयार हो जाती हैं मक्का की ये पांच किस्में, मिलती है प्रति हेक्टेयर 126.6 क्विंटल तक पैदावार!
Updated on: 20 November, 2026 5:20 PM IST
indigenous bird flu h5n1 vaccine

आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बढ़ाते हुए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को भोपाल में बर्ड फ्लू (H5N1) की देश की पहली स्वदेशी चिकन वैक्सीन राष्ट्र को समर्पित की. इस गौरवशाली अवसर पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने भोपाल में 300 करोड़ रुपये की लागत से एक नई अत्याधुनिक प्रयोगशाला (लैब) स्थापित करने की बड़ी घोषणा की, वहीं विदेशों में जाकर देश की संवैधानिक संस्थाओं और वैज्ञानिकों की क्षमता पर सवाल उठाने वाले विपक्षी नेताओं (राहुल गांधी) पर तीखा राजनीतिक प्रहार भी किया.

मात्र 1 से 2 रुपये की बेहद किफायती कीमत वाली यह वैक्सीन बर्ड फ्लू के इस वेरिएंट की दुनिया की पहली वैक्सीन है, जो देश के लाखों पोल्ट्री किसानों की आजीविका को सुरक्षित करने के साथ-साथ पशुपालन क्षेत्र को सालाना होने वाले हजारों करोड़ रुपये के नुकसान से बचाएगी.

विदेश जाकर देश को बदनाम करने वालों को शिवराज का करारा जवाब

​कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला. बिना नाम लिए राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि आज वो लोग भी बड़े ध्यान से देखें, जो दुनिया में जाकर अपने ही देश को बदनाम करने का पाप करते हैं. उन्होंने तीखे स्वर में कहा कि जो लोग संवैधानिक पदों पर बैठकर विदेशों में भारत के संविधान पर टिप्पणी करते हैं, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करते हैं, देश की सेना, वैज्ञानिकों और आमजन के परिश्रम पर सवाल खड़े करते हैं, उन्हें आज का यह बदलता, आत्मनिर्भर और विकसित भारत देखना चाहिए.

चौहान ने कहा कि पहले हमारे वैज्ञानिकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में बनी टास्क फोर्स के माध्यम से मात्र 9 महीने में कोविड की दो स्वदेशी वैक्सीन बनाकर दुनिया को चौंका दिया था और आज बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन बनाकर भारत के सामर्थ्य का लोहा मनवाया है.

​भोपाल में बनेगी 300 करोड़ रु. की नई लैब, दिल्ली के बजाय भोपाल से ही हुआ लोकार्पण

​भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD - निषाद) की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए केंद्रीय मंत्री चौहान ने भोपाल को 300 करोड़ रु. की लागत से बनने वाली एक नई अत्याधुनिक लैब की सौगात देने की घोषणा की. उन्होंने कहा कि भोपाल का यह संस्थान आज भारत का कीर्ति स्तंभ बन गया है. चौहान ने बताया कि पहले इस वैक्सीन का लोकार्पण दिल्ली से करने की योजना बन रही थी, लेकिन उन्होंने तय किया कि जिन वैज्ञानिकों ने भोपाल में दिन-रात एक करके इसे बनाया है, उन्हीं के बीच और भोपाल की जनता के सामने इसे राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा.

पशु चलते-फिरते एटीएम, 56 हजार करोड़ रु. के नुकसान से बचेगा देश

​पशुपालन और पोल्ट्री सेक्टर को ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पशु किसानों के लिए 'चलते-फिरते एटीएम' हैं, जो खेती के साथ हर महीने नियमित आमदनी देते हैं. उन्होंने बताया कि देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पशुपालन का 14 प्रतिशत और पोल्ट्री का 1 प्रतिशत योगदान है.

उन्होंने आंकड़ों के माध्यम से बताया कि खुरपका-मुँहपका रोग (FMD - फुट एंड माउथ डिजीज) से औसतन 22,000 करोड़ रु., लंपी वायरस से 20,000 करोड़ रु., ब्रुसेलोसिस से 9,212 करोड़ रु. और भेड़-बकरियों की बीमारी पीपीआर (PPR - पेस्ट डेस पेटिट्स रूमिनेंट्स) से 4,683 करोड़ रु. का नुकसान होता था. इस तरह कुल 56,000 करोड़ रु. का भारी नुकसान देश और किसानों को झेलना पड़ता था, जिससे अब स्वदेशी टीकों के माध्यम से देश को बचाने का पुण्य कार्य हो रहा है.

1 से 2 रुपये में मिलेगा सुरक्षा कवच, 2006 से अब तक झेले 500 से ज्यादा प्रकोप

​केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने बताया कि भारत में बर्ड फ्लू का पहला प्रकोप वर्ष 2006 में महाराष्ट्र के नवापुर में आया था, जिसमें 10 लाख मुर्गियां मरी थीं और संक्रमण रोकने के लिए लाखों मुर्गियों को मारकर गड्ढों में दफनाना पड़ा था. इसके बाद 2021 में 9 लाख और इस वर्ष भी 2 लाख मुर्गियों की मौत हुई.

2006 से अब तक देश में बर्ड फ्लू के 500 से अधिक प्रकोप आ चुके हैं, जिससे न केवल पोल्ट्री उद्योग तबाह होता था, बल्कि इसके स्तनधारी पशुओं और मनुष्यों में फैलने का खतरा भी बना रहता था. अब इस नई वैक्सीन की एक खुराक की कीमत मात्र 1 से 2 रुपये के बीच रखी गई है, ताकि छोटे से छोटा मुर्गीपालक भी इसका भार आसानी से उठा सके और उसकी आजीविका सुरक्षित रहे.

मोदी सरकार के टीकाकरण अभियान से पशु रोगों पर निर्णायक नियंत्रण

​चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान श्री कृष्ण की धरती मथुरा से 'राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम' शुरू किया था, जिसके तहत खुरपका-मुँहपका रोग से बचाव के लिए अब तक 147 करोड़ 16 लाख मुफ्त खुराकें दी जा चुकी हैं और ब्रुसेलोसिस पर काबू पा लिया गया है. इसी तरह 2022 में जब लंपी त्वचा रोग से 32 लाख 80 हजार पशु संक्रमित हुए थे और 1 लाख 86 हजार पशुओं की मौत हुई थी, तब हिसार और इज्जतनगर के वैज्ञानिकों ने 'लंपी प्रोवैकइंड' टीका बनाया. भोपाल के इसी संस्थान ने पहले भी गंबेरो वैक्सीन, ब्रुसेला एबॉर्टस एस-19 डेल्टा वैक्सीन, क्लासिकल स्वाइन फीवर और अफ्रीकन स्वाइन फीवर के स्वदेशी टीके बनाकर देश को गौरवान्वित किया है.

​सैनिकों जैसी तपस्या: छुट्टियां त्यागकर और कड़े प्रोटोकॉल अपनाकर वैज्ञानिकों ने रचा इतिहास

​वैक्सीन बनाने वाले वैज्ञानिकों- डॉ. एस. नागराजन, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. सी. तोश, डॉ. एच. वी. मुरगकर, डॉ. अनिकेत सान्याल, डॉ. सेंथिल कुमार डी., डॉ. नवीन कुमार और डॉ. योगीशाराध्या आर. को 'रियल हीरो' बताते हुए केंद्रीय मंत्री श्री चौहान ने उनके संघर्ष को साझा किया. उन्होंने बताया कि इन वैज्ञानिकों ने शनिवार और रविवार की छुट्टियां लिए बिना महीनों तक लगातार शोध किया.

लैब के कड़े जैव-सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत उन्हें घर जाने से पहले और बाद में सैनिटाइजेशन करना पड़ता था, रोज 120 लीटर पानी से नहाना पड़ता था और पूरी रिसर्च के दौरान वे अपने घरों में कोई पालतू पशु भी नहीं रख सकते थे. केंद्रीय मंत्री ने वैज्ञानिकों की इस साधना और सैनिक जैसे समर्पण को बारंबार प्रणाम किया.

इस अवसर पर मध्य प्रदेश सरकार के युवा, खेलकूद एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग, भोपाल के सांसद आलोक शर्मा, खातेगांव के विधायक आशीष शर्मा, भोपाल की महापौर मालती राय, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि राकेश शर्मा, नरेश मेवाड़ा, राकेश जादौन, राजेश चौकसे, छाया सहित पार्षदगण, ICAR के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, संस्थान के निदेशक डॉ. अनिकेत सान्याल और बड़ी संख्या में वैज्ञानिक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.

English Summary: India first indigenous bird flu h5n1 vaccine launched Shivraj Singh Chouhan Bhopal lab
Published on: 20 November 2026, 05:23 PM IST

कृषि पत्रकारिता के लिए अपना समर्थन दिखाएं..!!

प्रिय पाठक, हमसे जुड़ने के लिए आपका धन्यवाद। कृषि पत्रकारिता को आगे बढ़ाने के लिए आप जैसे पाठक हमारे लिए एक प्रेरणा हैं। हमें कृषि पत्रकारिता को और सशक्त बनाने और ग्रामीण भारत के हर कोने में किसानों और लोगों तक पहुंचने के लिए आपके समर्थन या सहयोग की आवश्यकता है। हमारे भविष्य के लिए आपका हर सहयोग मूल्यवान है।

Donate now