इफको-एमसी ने अपने पहले भव्य प्रोडक्ट लॉन्च कार्यक्रम "स्वर्णारंभ 2026 – मार्चिंग टुवर्ड्स ए न्यू गोल्डन डिकेड" के सफल आयोजन के साथ नवाचार के एक नए युग का शुभारंभ किया. इस ऐतिहासिक अवसर पर कंपनी ने अपनी पहली 9(3) पेटेंटेड फफूंदनाशी "मित्सुकी" तथा उन्नत नींबू वर्गीय अर्क आधारित सिलिकॉन एडजुवेंट "नेक्सावेट" का अनावरण किया. इस भव्य समारोह में 350 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें सहकारिता क्षेत्र के वरिष्ठ नेतृत्व, वैश्विक प्रौद्योगिकी साझेदारों, कृषि व्यवसाय जगत, चैनल पार्टनर्स, मीडिया प्रतिनिधियों तथा किसान समुदाय की गरिमामयी उपस्थिति रही.
कार्यक्रम का शुभारंभ इफको एवं इफको-एमसी के माननीय अध्यक्ष दिलीप संघाणी जी ने किया. इस अवसर पर इफको पंजाब के निदेशक श्री जगदीप सिंह नकई जी, इफको हरियाणा के निदेशक श्री प्रह्लाद सिंह जी, इफको उत्तराखंड के निदेशक श्री प्रदीप चौधरी जी, इफको के विपणन निदेशक एवं इफको-एमसी के प्रबंध निदेशक योगेन्द्र कुमार जी, आईकेएलएल के नामित निदेशक सुनील कुमार खत्री जी, इफको के कार्यकारी निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ जी तथा इफको ई-बाज़ार की निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मधुलिका शुक्ला जी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.
इफको-एमसी की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज वार्श्नेय, मुख्य परिचालन अधिकारी संतोष शुक्ला तथा प्रोक्योरमेंट हेड मिकी हिरोसे सान, ने वरिष्ठ नेतृत्व एवं टीम के साथ माननीय अध्यक्ष एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया. इस अवसर पर जगदीप सिंह नकई जी एवं प्रह्लाद सिंह जी ने भी अपने-अपने राज्यों के प्रतिनिधियों एवं टीम सदस्यों के साथ अध्यक्ष दिलीप संघाणी जी का सम्मान किया.
कार्यक्रम को उसके भव्य आयोजन एवं नवाचार-केंद्रित दृष्टिकोण के लिए प्रतिभागियों द्वारा व्यापक सराहना मिली. यह इफको-एमसी के इतिहास का पहला भव्य प्रोडक्ट लॉन्च कार्यक्रम है, जो भारतीय कृषि के लिए प्रौद्योगिकी-आधारित समाधान उपलब्ध कराने की कंपनी की बढ़ती प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
इस अवसर पर अपने संबोधन में माननीय अध्यक्ष दिलीप संघाणी जी ने कहा, "भारतीय कृषि के विकास में नवाचार की केंद्रीय भूमिका है. इफको-एमसी विश्वस्तरीय, किसान केंद्रित तकनीकों को किसानों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो उत्पादकता, लाभप्रदता और टिकाऊ कृषि को बढ़ावा दें. 'मित्सुकी' और 'नेक्सावेट' का शुभारंभ किसानों को आधुनिक फसल सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराने की हमारी यात्रा में एक नए अध्याय की शुरुआत है."
नव-लॉन्च "मित्सुकी", थायोफेनेट मिथाइल (Thiophanate Methyl) एवं पिकॉक्सीस्ट्रोबिन (Picoxystrobin) के पेटेंटेड संयोजन पर आधारित एक उन्नत फफूंदनाशी है, जो धान की प्रमुख बीमारियों जैसे शीथ ब्लाइट, ब्लास्ट तथा ग्रेन डिसकलरेशन के प्रभावी नियंत्रण में सक्षम है.
वहीं "नेक्सावेट", नींबू वर्गीय अर्क आधारित सिलिकॉन एडजुवेंट, स्प्रे के बेहतर फैलाव, सतह पर चिपकाव, अवशोषण तथा पौधों द्वारा बेहतर ग्रहण क्षमता सुनिश्चित कर कृषि रसायनों की कार्यक्षमता को उल्लेखनीय रूप से बढ़ाता है, जिससे किसानों को अधिक प्रभावी एवं बेहतर परिणाम प्राप्त होते हैं.
इफको-एमसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज वार्ष्णेय ने कहा कि यह लॉन्च कंपनी की नवाचार एवं किसान-प्रथम सोच के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक है.
उन्होंने कहा, "स्वर्णारंभ 2026 केवल एक उत्पाद लॉन्च कार्यक्रम नहीं, बल्कि इफको-एमसी के लिए एक नए युग की शुरुआत है. उन्नत तकनीकों और वैश्विक रणनीतिक साझेदारियों के माध्यम से हम भारतीय किसानों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले फसल सुरक्षा समाधान उपलब्ध कराते रहेंगे, जो उन्हें अधिक मूल्य प्रदान करने के साथ-साथ भारतीय कृषि के सतत विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे."