वैश्विक कृषि निविष्ठा एवं विशेष उर्वरक क्षेत्र की अग्रणी कंपनी आईसीएल (ICL) ने आज महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के सुपा में अपने अत्याधुनिक स्पेशलिटी फर्टिलाइज़र निर्माण संयंत्र का भव्य उद्घाटन किया. इस परियोजना के माध्यम से कंपनी ने भारत में अपनी उपस्थिति को और मजबूत करते हुए टिकाऊ कृषि के लिए जल घुलनशील उर्वरकों के घरेलू उत्पादन में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है.
वैश्विक स्तर पर उर्वरकों की उपलब्धता में विभिन्न चुनौतियों के बीच यह संयंत्र अत्याधुनिक जल घुलनशील उर्वरकों के घरेलू उत्पादन को संभव बनाएगा, जिससे आयात पर निर्भरता कम होगी तथा किसानों को निरंतर और विश्वसनीय आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी. इस परियोजना में आधुनिक इज़रायली तकनीक और स्थानीय विशेषज्ञता का प्रभावी समन्वय किया गया है, जिससे फसलों की आवश्यकता अनुसार पोषण प्रबंधन, उच्च दक्षता तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा मिलेगा.
इस अवसर पर आईसीएल ग्रोइंग सॉल्यूशंस के अध्यक्ष निर इलानी ने कहा, “भारत में इस निर्माण संयंत्र की स्थापना हमारे स्पेशलिटी फर्टिलाइज़र व्यवसाय के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण रणनीतिक कदम है. ‘मेक इन इंडिया’ पहल के अनुरूप यह परियोजना किसानों को उत्पादकता और गुणवत्ता बढ़ाने में सहायता करेगी तथा आईसीएल की भविष्य की विकास यात्रा को गति प्रदान करेगी.”
आईसीएल ग्रोइंग सॉल्यूशंस के उपाध्यक्ष एली अमोन ने कहा, “महाराष्ट्र में स्थापित यह जल घुलनशील उर्वरक संयंत्र स्थानीय उर्वरक उपलब्धता और स्पेशलिटी फर्टिलाइज़र सप्लाई चेन को मजबूत करेगा. इससे किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले उर्वरकों की तेज़ और सुगम उपलब्धता सुनिश्चित होगी तथा टिकाऊ कृषि के प्रति हमारी प्रतिबद्धता और सुदृढ़ होगी.”
आईसीएल ग्रोइंग सॉल्यूशंस इंडिया के मुख्य-व्यवस्थापक अनंत कुलकर्णी ने कहा, “उर्वरक दक्षता और 4R अनुसार सही उर्वरक, सही मात्रा, सही समय और सही विधि टिकाऊ कृषि की आधारशिला हैं. हम ड्रिप सिंचाई और फोलियर स्प्रे के लिए उपयुक्त नवोन्मेषी उत्पादों का निर्माण कर रहे हैं. ‘मेक इन India’ के अंतर्गत स्थापित यह जल घुलनशील NPK उर्वरक संयंत्र हमारी प्रगति की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है.”
उद्घाटन समारोह में आईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, वितरक, व्यावसायिक साझेदार तथा कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे. इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन होने के साथ-साथ कृषि मूल्य श्रृंखला को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है.
आईसीएल भारतीय किसानों के साथ दीर्घकालिक साझेदारी विकसित करने, तकनीक-आधारित समाधान उपलब्ध कराने तथा कृषि क्षेत्र में टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है.