Success Story: जैविक उत्पादों के सहारे 20 एकड़ में अनार की सफल खेती, आधी हुई लागत, सालाना टर्नओवर 70 लाख रुपये तक! Rabi Crop Farming: रबी मौसम की फसलों की बुआई हेतु खेत की अग्रिम तैयारी फल और फूलों की खेती में प्रूनिंग के लिए उपयोगी हैं ये STIHL के टूल्स, जानें पूरा विवरण Pusa Corn Varieties: कम समय में तैयार हो जाती हैं मक्का की ये पांच किस्में, मिलती है प्रति हेक्टेयर 126.6 क्विंटल तक पैदावार!
Updated on: 23 November, 2026 4:48 PM IST
FAI Annual Seminar 2026

द फर्टिलाइज़र एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएआई) 26 से 28 नवंबर, 2026 तक नई दिल्ली में अपना वार्षिक सेमिनार आयोजित करेगी. इस वर्ष के आयोजन का विषय "उर्वरक सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और टिकाऊ कृषि" है. सेमिनार में देश-विदेश के विशेषज्ञ एवं वरिष्ठ उद्योग प्रतिनिधि भाग लेंगे और उर्वरक विनिर्माण, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला की चुनौतियों, संतुलित पोषण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के लिए एकत्रित होंगे.

इस आयोजन में केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के साथ ही अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी की उम्मीद है. यह वार्षिक सम्मेलन उर्वरक और पोषक तत्वों की आपूर्ति को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगा.

भारतीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि उर्वरक नीति, खाद्य सुरक्षा, टिकाऊ उर्वरक उत्पादन और वितरण के बदलते तौर-तरीकों पर विचार-विमर्श करेंगे. प्रत्येक सत्र के बाद पैनल चर्चा भी होगी.

आगामी आयोजन पर एफएआई के अध्यक्ष और कोरोमंडल इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी एस. शंकरसुब्रमण्यम ने कहा, "भारत खाद्य सुरक्षा को मजबूत करने के साथ किसानों की अधिक टिकाऊ खेती की ओर बढ़ रहा है. ऐसे में हरित खाद और उर्वरक उद्योग की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है. एफएआई का वार्षिक सेमिनार 2026 नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने, अपने विचार साझा करने और इस क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान पर चर्चा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करता है. एक उद्देश्य के रूप में हमारा ध्यान आत्मनिर्भरता विकसित करने, पौधों के लिए संतुलित पोषण को बढ़ावा देने, साझेदारियों के द्वारा इस्तेमाल, नवाचार और टिकाऊ उर्वरक समाधानों को प्रोत्साहित करने पर है."

14 करोड़ से अधिक किसान परिवारों की जरूरतें पूरी करने वाला भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उर्वरक उपभोक्ता देश है. यहां उर्वरकों की खपत लगभग 72 मिलियन मीट्रिक टन (एमएमटी) है. सिंचाई के विस्तार, फसल चक्र में बदलाव और मिट्टी के सेहत पर बढ़ते जोर के कारण उर्वरकों की मांग बढ़ रही है. स्वदेशी खनिज संसाधनों की सीमित उपलब्धता के बावजूद भारत यूरिया और फॉस्फेट उर्वरकों का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है. सरकार की अनुकूल नीतिगत व्यवस्था के साथ विनिर्माण क्षमता, प्रौद्योगिकी, उत्पादन और ऊर्जा दक्षता में लगातार निवेश के जरिये देश अपनी उत्पादन क्षमताओं को मजबूत कर रहा है. सरकार यूरिया और पोषक तत्व आधारित सब्सिडी (एनबीएस) योजनाओं के तहत उर्वरक क्षेत्र को लगातार सहायता दे रही है.

इस वर्ष भू-राजनीतिक व्यवधानों और सप्लाई चेन से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण प्राकृतिक गैस, अमोनिया, फॉस्फोरिक एसिड, रॉक फॉस्फेट और सल्फर जैसे प्रमुख कच्चे माल एवं मध्यवर्ती उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में तेज वृद्धि और उतार-चढ़ाव देखने को मिला. इसके साथ ही यूरिया, डीएपी और एनपीके जैसे तैयार उर्वरकों की कीमतों में भी अस्थिरता रही. बढ़ती माल ढुलाई लागत, विदेशी मुद्रा विनिमय दरों में उतार-चढ़ाव और मानसून की कमी ने कारोबारी माहौल को चुनौतीपूर्ण बना दिया. इसका असर विशेष रूप से वर्ष की पहली छमाही में देखने को मिला.

इन चुनौतियों के बावजूद सरकार और उर्वरक उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से किसानों को समय पर उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित हुई. सरकार ने सब्सिडी के जरिये मजबूत सहायता जारी रखी, घरेलू यूरिया उत्पादन के लिए प्राकृतिक गैस की आपूर्ति को प्राथमिकता दी और वैश्विक सप्लाई चेन में गंभीर व्यवधान के दौरान दीर्घकालिक समझौतों के तहत महत्वपूर्ण देशों की प्राथमिकता के आधार पर आवाजाही को सुगम बनाया.

एफएआई के महानिदेशक डॉ. सुरेश कुमार चौधरी ने कहा, "भारत का उर्वरक क्षेत्र एक महत्वपूर्ण मोड़ पर है. यहां उर्वरक सुरक्षा, घरेलू विनिर्माण और टिकाऊ विकास के बीच संतुलित दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है. सरकार और उद्योग के बीच करीबी सहयोग एक मजबूत और चुनौतियों का सामना करने में सक्षम उर्वरक क्षेत्र के निर्माण के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा. इससे हमारे किसानों को सहयोग मिलेगा और भारत की दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी. आगामी तीन दिनों में विविधता लाना, सप्लाई चेन को मजबूत करना और पोषक तत्वों के संतुलित इस्तेमाल को बढ़ावा देना उर्वरक क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए महत्वपूर्ण बना रहेगा."

इस वर्ष भारत सरकार ने कई नीतिगत पहल शुरू की हैं. इनमें राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन शामिल है, जिसका उद्देश्य आयातित अमोनिया की जगह घरेलू स्तर पर उत्पादित हरित अमोनिया का इस्तेमाल करना है. आत्मनिर्भर भारत के लिए राष्ट्रीय यूरिया निवेश नीति 2026 के तहत प्राकृतिक गैस पर आधारित 10 मिलियन मीट्रिक टन यूरिया उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है. वहीं, राष्ट्रीय कोयला गैसीकरण मिशन के तहत 2030 तक 100 मिलियन मीट्रिक टन कोयले का गैसीकरण करने का लक्ष्य है. इसका उद्देश्य अधिक मूल्य वाले अमोनिया उत्पादन में प्राकृतिक गैस का आयात कम करना और घरेलू कोयला भंडार का स्वच्छ इस्तेमाल बढ़ावा देना है. इस मिशन के लिए 37,500 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है.

भारत के उर्वरक भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए संतुलित उर्वरीकरण, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, पोषक तत्वों के बेहतर उपयोग की दक्षता और मिट्टी की सेहत में सुधार के जरिये टिकाऊ एवं जलवायु परिवर्तन के प्रभावों का सामना करने में सक्षम कृषि व्यवस्था की ओर बढ़ना जरूरी है. पीएम-प्रणाम जैसी पहल, वैकल्पिक उर्वरकों को बढ़ावा, नैनो उर्वरक, जैव उर्वरक, जैविक आधारित उर्वरक और विशेष उर्वरक पोषक तत्वों के कुशल प्रबंधन में मदद कर सकते हैं. डिजिटल टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन के जरिये सटीक कृषि और आंकड़ों पर आधारित पोषक तत्वों के इस्तेमाल को अपनाने से उत्पादकता में और सुधार होगा. इसके साथ ही उद्योग नवीकरणीय ऊर्जा, बेहतर ऊर्जा दक्षता, हरित हाइड्रोजन और हरित अमोनिया की दिशा में भी बदलाव को गति दे रहा है. इससे ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने के साथ-साथ उर्वरक विनिर्माण के पर्यावरणीय प्रभाव को धीरे-धीरे कम करने में मदद मिलेगी.

English Summary: FAI annual seminar 2026 new Delhi fertilizer security self reliance sustainable agriculture
Published on: 23 November 2026, 04:51 PM IST

कृषि पत्रकारिता के लिए अपना समर्थन दिखाएं..!!

प्रिय पाठक, हमसे जुड़ने के लिए आपका धन्यवाद। कृषि पत्रकारिता को आगे बढ़ाने के लिए आप जैसे पाठक हमारे लिए एक प्रेरणा हैं। हमें कृषि पत्रकारिता को और सशक्त बनाने और ग्रामीण भारत के हर कोने में किसानों और लोगों तक पहुंचने के लिए आपके समर्थन या सहयोग की आवश्यकता है। हमारे भविष्य के लिए आपका हर सहयोग मूल्यवान है।

Donate now