सरकारी तेल कंपनियां रोज पेट्रोल, डीजल की नई दरें जारी करती है, जिसका सीधा फर्क आम आदमी की जेब पर पड़ता है और ऐसे ही बड़ी खबर सामने आ रही है कि केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) पर टैक्स और निर्यात में बड़ा बदलाव करते हुए ऊर्जा क्षेत्र में अहम घोषणा की है. वित्त मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि डीजल पर यह पूरी तरह सामाप्त कर दिया गया है.
निर्यात नियमों में क्या बदलाव?
सरकार ने निर्यात नियमों के अनुसार हाई-स्पीड डीजल (HSD) के निर्यात पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क (SAED) 18.5 रुपये प्रति लीटर तय किया है. वहीं, पेट्रोल के निर्यात पर इस शुल्क को शून्य रखा गया है, जिससे पेट्रोल निर्यात को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
इसके अलावा, निर्यात और विदेशी एयरलाइंस को ईंधन आपूर्ति के मामले में भी राहत दी गई है. अब पेट्रोल, डीजल और ATF के निर्यात या विदेशी विमानों को सप्लाई पर बेसिक एक्साइज ड्यूटी और कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर (AIDC) लागू नहीं होगा. इससे अंतरराष्ट्रीय एविएशन सेक्टर को सीधा फायदा मिलने की संभावना है.
ATF पर टैक्स में संशोधन
एविएशन सेक्टर के लिए भी सरकार ने महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं. ATF पर विशेष अतिरिक्त उत्पाद शुल्क को बढ़ाकर 50 रुपये प्रति लीटर किया गया है. हालांकि, एक अन्य अधिसूचना के जरिए इसमें राहत देते हुए प्रभावी दर को घटाकर 29.5 रुपये प्रति लीटर रखा गया है.
इसके साथ ही, निर्यात किए जाने वाले ATF को कुछ शर्तों के तहत इस शुल्क से पूरी तरह छूट देने का प्रावधान किया गया है. इतना ही नहीं, आयातित ATF पर लगने वाली अतिरिक्त कस्टम ड्यूटी भी हटा दी गई है, जिससे एयरलाइंस कंपनियों के लिए ईंधन लागत कम हो सकती है.
आज क्या है पेट्रोल-डीजल का भाव?
केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) पर बड़ा ऐलान कर पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी को 13 रुपये प्रति लीटर से घटा कर 3 रुपये प्रति लीटर कर दिया जिससे तेल कंपनियों को बड़ी राहत मिली है. आगे इसी क्रम में जानें आज के पेट्रोल-डीजल का भाव-
|
शहर |
पेट्रोल प्रति लीटर कीमत (रु.) |
डीजल प्रति लीटर कीमत (रु.) |
|
नई दिल्ली |
94.77 |
87.67 |
|
नोएडा |
94.74 |
87.81 |
|
गुरुग्राम |
95.36 |
87.83 |
|
हैदराबाद |
107.46 |
95.70 |
|
कोलकाता |
103.54 |
92.02 |
|
मुंबई |
103.54 |
90.03 |
|
बेंगलुरु |
102.96 |
90.99 |
|
भुवनेश्वर |
100.94 |
92.69 |
|
चेन्नई |
101.23 |
92.39 |
|
चंडीगढ़ |
94.30 |
82.45 |
तेल कंपनियों को मिलेगा सीधा फायदा
एक्साइज ड्यूटी में कटौती का सबसे बड़ा फायदा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को मिलेगा. जब सरकार टैक्स घटाती है और खुदरा कीमतों में तुरंत कमी नहीं होती, तो कंपनियों का मार्जिन बढ़ जाता है.
पिछले कुछ समय में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें काफी ऊंचाई तक पहुंच गई थीं, जिससे कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ा था. उस दौरान कई ब्रोकरेज फर्मों ने तेल कंपनियों के शेयरों को डाउनग्रेड भी किया था. अब इस फैसले से कंपनियों की लागत घटेगी, मुनाफा बढ़ेगा और उनकी बैलेंस शीट मजबूत होगी.
एविएशन सेक्टर को भी राहत
ATF पर टैक्स में बदलाव और आयात शुल्क हटाने से एविएशन सेक्टर को राहत मिलने की उम्मीद है. इससे एयरलाइंस की ऑपरेटिंग लागत कम हो सकती है, जिसका असर आगे चलकर टिकट कीमतों पर भी पड़ सकता है.
लेखक: रवीना सिंह