मध्य प्रदेश सरकार राज्य के लोगों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, जिसके तहत किसानों से लेकर ग्रामीण लोगों को भी अधिक फायदा मिल रहा है और अभी हाल ही में राज्य सरकार ने ग्रामीण उपभोक्ताओं और किसानों को बड़ी खुशखबरी देते हुए मात्र ₹5 के पंजीकरण शुल्क पर नए स्थाई बिजली कनेक्शन घरेलू और 5 हॉर्स पावर तक कृषि पंप उपलब्ध कराने की योजना शुरू की है. इलाके के लोग इस सुविधा का लाभ 'सरल संयोजन योजना में आवेदन कर उठा सकते हैं. आइए जानते हैं स्कीम के बारे में पूरी जानकारी.
किसे मिलेगा योजना लाभ?
मध्य प्रदेश में किसानों से लेकर ग्रामीण लोग भी बिजली की परेशानी को झले रहे थे, लेकिन अब ऐसा नही होगा इस सरकारी योजना के तहत मुख्य रूप से दो वर्गों को लाभ मिलेगा-
-
ग्रामीण घरेलू उपभोक्ता
-
5 HP तक के कृषि पंप लगाने वाले किसान
इससे अलावा, छोटे और सीमांत किसानों को विशेष फायदा होगा, जो अब आसानी से अपने खेतों के लिए बिजली कनेक्शन प्राप्त कर सकेंगे और सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा का लाभ उठा पाएंगे.
पंजीकरण शुल्क और भुगतान व्यवस्था
इस योजना की सबसे खास बात है इसका बेहद कम पंजीकरण शुल्क. उपभोक्ताओं को केवल ₹5 देकर आवेदन करना होगा. बाकी की सुरक्षा राशि और अन्य शुल्क को पहले बिजली बिल में समायोजित कर लिया जाएगा. इससे एकमुश्त बड़ी राशि देने का बोझ उपभोक्ताओं पर नहीं पड़ेगा और वे आसानी से कनेक्शन ले सकेंगे और बिजली के भारी बिल के भुगतान से बच सकेंगे.
आवेदन करने के लिए आवश्यक दस्तावेज
अगर आप भी इस सरकारी योजना का लाभ उठाने की सोच रहे हैं और आवेदन करना चाहते हैं तो आपके पास इन जरुरी दस्तावेजों का होना बेहद ही जरुरी है, जिनमें है-आधार कार्ड, भूमि की नकल(खतौनी), बैंक पासबुक, पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर तभी आप इस योजना में अप्लाई कर सकते हैं.
क्या है आवेदन प्रक्रिया?
अगर आप इस सरकारी योजना में शामिल होना चाहते हैं, तो सरल संयोजन पोर्टल (saralsanyojan.mpcz.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या फिर UPAY ऐप के जरिए मोबाइल से आवेदन का आसान तरीका है और नजदीकी विद्युत कार्यालय में जाकर ऑफलाइन आवेदन सफलतापूर्वक कर सकते हैं. इन तरीकों से लोगों को लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी और आवेदन प्रक्रिया पारदर्शी भी बनेगी.
योजना का उद्देश्य
इस नई पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में अवैध बिजली उपयोग को कम करना और लोगों को वैध कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित करना है. अक्सर देखा गया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में महंगे कनेक्शन शुल्क के कारण लोग अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हैं, जिससे न केवल बिजली कंपनियों को नुकसान होता है बल्कि उपभोक्ताओं को भी जोखिम का सामना करना पड़ता है. इस योजना के माध्यम से सरकार ने बिजली कनेक्शन को सुलभ और किफायती बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है.
लेखक: रवीना सिंह