-
उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) ने कृषि अनुसंधान परिसर, पटना के कार्यों की सराहना की
भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के उप महानिदेशक (कृषि शिक्षा) डॉ. यशपाल सिंह मलिक दिनांक 20 नवंबर, 2026 को भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आईएआरआई पटना हब के विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों एवं संस्थान के कर्मचारियों के साथ संवाद किया।डॉ. मलिक ने संस्थान की अनुसंधान एवं विकास गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ये राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के अनुरूप हैं। उन्होंने संस्थान के अनुसंधान कार्यों को अन्य संस्थानों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
साथ ही, शैक्षणिक एवं अनुसंधान गतिविधियों को और सुदृढ़ बनाने के लिए परिषद मुख्यालय के शिक्षा प्रभाग की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
संवाद सत्र में विद्यार्थियों, तकनीकी, वैज्ञानिकों एवं प्रशासनिक कर्मचारियों ने परीक्षा प्रणाली, कैरियर उन्नयन योजना, वित्तीय मामलों, आईएआरआई, नई दिल्ली के साथ शैक्षणिक सहयोग, अनुसंधान प्राथमिकताओं तथा कृषि क्षेत्र में उभरते अवसरों से संबंधित अपनी जिज्ञासाएँ रखीं। डॉ. मलिक ने उनके प्रश्नों का उत्तर देते हुए आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस अवसर पर डॉ. मलिक ने संस्थान की ‘स्वर्ण ई-वाटिका’ का भी अवलोकन किया। यह ज्ञान-आधारित प्रौद्योगिकी एवं वेलनेस पार्क है, जहां फल, सब्जियों और औषधीय पौधों के उत्पादन के साथ कुक्कुट पालन, मनोरंजन आदि जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए परिसर में पौधरोपण भी किया।
इससे पूर्व, संस्थान के निदेशक डॉ. अनुप दास ने किसान-केंद्रित अनुसंधान, कृषि प्रौद्योगिकियों के प्रसार एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने विकसित भारत@2047 के लक्ष्य के अनुरूप भविष्य की कृषि प्रणालियों के विकास हेतु संस्थान के प्रयासों पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अंत में डॉ. कमल शर्मा, प्रभागाध्यक्ष, पशुधन एवं मात्स्यिकी प्रबंधन ने धन्यवाद ज्ञापन किया।