दिल्ली सरकार महिलाओं के लिए कई सरकारी योजनाएं चला रही है, जिसका लाभ कई महिलाओं को मिल रहा है और अभी हाल ही में दिल्ली सरकार ने विधानसभा चुनाव से पहले यह वादा किया था की महिला समृद्धि योजना के तहत महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 2500 रुपये की राशि भेजी जाएगी और वह वक्त नजदीक आ गया है. रक्षा बंधन के मौके पर इस योजना की शुरुआत होगी और हर महीने 2500 रुपये मिलेंगे.
क्या पूरे ₹2,500 खाते में आएंगे?
महिला समृद्धि योजना के तहत इस योजना की राशि को लेकर सरकारी स्तर पर इस बात पर भी विचार किया जा रहा है कि लाभार्थियों को हर महीने मिलने वाली राशि का पूरा भुगतान सीधे खाते में न देकर उसका एक हिस्सा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) के रूप में सुरक्षित रखा जाए. इससे महिलाओं की दीर्घकालिक आर्थिक सुरक्षा मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा. हालांकि इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है.
आवेदन के लिए कब शुरु होगा ऑनलाइन पोर्टल?
सरकार योजना के लिए एक अलग ऑनलाइन पोर्टल तैयार कर रही है. योजना शुरू होने के बाद पात्र महिलाएं इसी पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगी. आवेदन प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल रखने की तैयारी है ताकि लाभार्थियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें.
आवेदन के दौरान आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, बैंक खाता, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने पड़ सकते हैं. अंतिम दस्तावेजों की सूची सरकार की आधिकारिक अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी.
कौन-कौन महिलाएं होंगी पात्र?
योजना का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा इसकी पात्रता है. जानकारी के अनुसार सरकार ने पात्रता के लिए कुछ प्रमुख शर्तें तय की हैं-
-
महिला दिल्ली की स्थायी निवासी हो.
-
उम्र 21 से 60 वर्ष के बीच हो.
-
परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक न हो.
-
परिवार में कोई सरकारी कर्मचारी या सरकारी पेंशनभोगी न हो.
-
आयकर (Income Tax) भरने वाले परिवार योजना के दायरे से बाहर रहेंगे.
-
यदि परिवार के नाम पर कार है तो भी योजना का लाभ नहीं मिलेगा.
राशन कार्ड के बिना नहीं मिलेगा योजना का फायदा
सूत्रों के मुताबिक योजना में राशन कार्ड महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. सरकार पात्र परिवारों की पहचान और आय का सत्यापन राशन कार्ड के आधार पर कर सकती है. इसी वजह से हाल के महीनों में राशन कार्डों का व्यापक सत्यापन अभियान भी चलाया गया है. यदि किसी पात्र महिला के पास अभी तक राशन कार्ड नहीं है और वह सभी शर्तें पूरी करती है, तो उसे जल्द से जल्द राशन कार्ड बनवाने की सलाह दी जा रही है. इससे आवेदन प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सकेगा.
योजना की भुगतान प्रक्रिया क्या है?
इस योजना की एक खास बात यह भी हो सकती है कि लाभार्थियों को सहायता राशि डिजिटल रुपये (CBDC) के रूप में दी जाए. CBDC, भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा जारी डिजिटल मुद्रा है, जिसकी कीमत सामान्य भारतीय रुपये के बराबर होती है. यदि सरकार इस व्यवस्था को लागू करती है, तो महिलाओं को अपने मोबाइल फोन में अधिकृत बैंक का CBDC वॉलेट इंस्टॉल करना होगा. इसके माध्यम से मिलने वाली राशि का उपयोग डिजिटल भुगतान के लिए किया जा सकेगा. हालांकि इस व्यवस्था पर भी अंतिम निर्णय सरकार की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा.
आधिकारिक घोषणा कब होगी?
महिला समृद्धि योजना को लेकर तैयारियां तेज हैं, लेकिन योजना की लॉन्च डेट, आवेदन प्रक्रिया, भुगतान का तरीका, दस्तावेजों की सूची और पात्रता से जुड़े अंतिम नियमों की आधिकारिक अधिसूचना अभी जारी नहीं हुई है. ऐसे में महिलाओं को सलाह दी जाती है कि वे अपने आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक खाता, मोबाइल नंबर और राशन कार्ड तैयार रखें तथा केवल सरकार द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें. यदि योजना 28 अगस्त को शुरू होती है, तो लाखों महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता मिलने का रास्ता खुल सकता है.
लेखक: रवीना सिंह