26 नवंबर आते ही सरकारी कार्यालयों में संविधान प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, विद्यालयों में भाषण और संविधान निर्माताओं को नमन होता है. क्या इस दिन संविधान और उसके क्रियान्वयन की ईमानदार समीक्षा नहीं होनी चाहिए? संविधान कोई धर्मग्रंथ नहीं, जिसे केवल सिर झुकाकर पढ़ा जाए. यह जीवंत सामाजिक अनुबंध है, जिसकी प्रासंगिकता, उपादेयता बदलते समय के साथ परखी जानी चाहिए.
संविधान 26 नवंबर 1949 को अंगीकृत और 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ. तब देश विभाजन, विस्थापन, गरीबी, अशिक्षा और सामाजिक विषमता से जूझ रहा था. आज 77 वर्ष बाद आबादी, अर्थव्यवस्था, तकनीक और सामाजिक संरचना बदल चुकी हैं. संविधान में अब तक 106 संशोधन हो चुके हैं. यानी उसमें समयानुकूल परिवर्तन की गुंजाइश स्वयं स्वीकार की गई है. फिर उसकी व्यापक समीक्षा की मांग संविधान विरोध कैसे हो सकती है?
संविधान ने विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका के बीच शक्तियों का संतुलन बनाया था. आज इनके संबंध जटिल हैं और गंभीर टकराव सामने आते रहते हैं. जनवरी 2018 में सर्वोच्च न्यायालय के चार वरिष्ठतम न्यायाधीशों ने तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश के प्रशासनिक कामकाज पर सवाल उठाते हुए सार्वजनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. यह अभूतपूर्व घटना बताती है कि सब कुछ ठीक होने का दावा पर्याप्त नहीं. लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहे जाने वाले मीडिया के सामने न्यायाधीशों का अपनी व्यथा रखना पूरे तंत्र के लिए चेतावनी मानी जानी चाहिए.
कानूनों की किताबें भी बदली हैं. IPC की जगह भारतीय न्याय संहिता (BNS), CrPC की जगह भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और साक्ष्य अधिनियम की जगह भारतीय साक्ष्य अधिनियम (BSA) 1 जुलाई 2024 से लागू हैं. लेकिन नाम और धाराएं बदलने से न्याय की प्रकृति अपने आप नहीं बदलती. क्या गरीब-अमीर के लिए न्याय का तराजू समान है?
राष्ट्रीय न्यायिक डेटा ग्रिड के अनुसार 30 जुलाई 2026 तक लगभग 5.65 करोड़ मुकदमे लंबित थे, जिनमें करीब पांच करोड़ जिला और अधीनस्थ न्यायालयों में हैं. भारत में प्रति 10 लाख जनसंख्या पर लगभग 22 न्यायाधीश हैं. NCRB 2024 के संशोधित आँकड़ों के अनुसार 5,09,012 कैदियों में 3,68,883 विचाराधीन थे, यानी लगभग 72.5 प्रतिशत. वे दोषसिद्ध नहीं हुए हैं. क्या यह आत्ममंथन के लिए पर्याप्त नहीं?
बस्तर जैसे आदिवासी अंचलों में कानून की जटिलताएं और गंभीर हैं. *पेसा कानून का उद्देश्य आदिवासी स्वशासन और परंपरागत अधिकारों की रक्षा है. लेकिन स्थानीय क्रियान्वयन और व्याख्या से यदि दो सौ वर्षों से बसे लोगों को विदेशी,परदेसी होने का एहसास हो, समुदायों में नफरत बढ़े और विवादों का फैसला कानून के बजाय हिंसा के लिए तैयार भीड़ करने लगे, तो यह चिंताजनक है.
आदिवासी भूमि संरक्षण के नाम पर जरूरतमंद आदिवासी को अपनी जमीन का उचित बाजार मूल्य पाने से वंचित करना कैसा न्याय है? विडंबना यह कि उन्ही समुदायों के संपन्न और शिक्षित लोग इसी व्यवस्था का लाभ उठाकर गरीब आदिवासी भाइयों की जमीन कौड़ियों के भाव खरीद रहे हैं. यह शोषण को कानूनी संरक्षण का सबसे दूषित उदाहरण है.
दहेज निषेध और एससी-एसटी अत्याचार निवारण कानून जैसे संरक्षणकारी कानूनों का उद्देश्य पीड़ितों की रक्षा है. लेकिन बृहत स्तर पर इनके संभावित दुरुपयोग से बहुसंख्य निर्दोषों को होने वाली क्षति की अनदेखी भी नहीं हो सकती.* दुरुपयोग रोकने की मांग मूल उद्देश्य का विरोध नहीं. निष्पक्ष जांच और दोष सिद्ध होने तक निर्दोष मानने का सिद्धांत हर नागरिक का अधिकार है.
न्याय स्पष्ट रूप से आर्थिक हैसियत से प्रभावित है. करोड़ों खर्च करने वाला व्यक्ति महंगे वकील कर दोषी होने के बावजूद साफ बच जाता है, जबकि गरीब निर्दौष होने के बावजूद गुणवत्तापूर्ण कानूनी सहायता के लिए संघर्ष करता है. अनुच्छेद 39(क) और विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के बावजूद मुफ्त सहायता की गुणवत्ता और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं है. वकालत की फीस में पारदर्शिता जरूरी है. चर्चित मामलों में एक पेशी के लिए 10-20 लाख रुपये तक फीस के दावे सामने आते हैं. क्या न्याय धनवानों की पहुंच में रहने वाली सेवा बन जाएगा?
ग्रामीण भारत में मुकदमे विरासत में मिलते हैं. किसान का बच्चा जन्म लेते ही पुश्तैनी जमीन के विवादों का वारिस बन जाता है. नामांतरण, सीमांकन, बंटवारे और राजस्व अभिलेखों के सुधार, बंदोबस्त में पीढ़ियां गुजर रही हैं. तहसीलदार, नायब तहसीलदार और एसडीओ की अदालतों में आम आदमी समय-पैसा गंवाता है. राजस्व अधिकारी भी कभी वीआईपी प्रोटोकॉल, कभी प्रशासनिक व्यस्तताओं और नाना प्रकार की शासकीय योजनाओं के मकड़जाल में उलझे रहते हैं. न्यायालयीन कर्मचारियों द्वारा अगली तारीख दिलाने के नाम पर दो सौ से पांच सौ रुपये तक बिना भेदभाव के आवेदक और आवेदक सभी से वसूली की शिकायतें आम हैं. न्याय की देवी की आंखों पर पट्टी है,पर तराजू के ठीक नीचे ही अगर भ्रष्टाचार पलता रहे तो निष्पक्षता और न्याय कैसे बचेगा?
भारत में आज भी टॉर्ट लॉ यानी अपकृत्य कानून की व्यापक एकीकृत संहिता नहीं है; यह मुख्यतः न्यायिक निर्णयों और कॉमन लॉ से विकसित हुआ है. सैकड़ों कानूनों, नियमों और प्रक्रियाओं की भूलभुलैया में आम नागरिक उलझा हुआ है. फास्ट ट्रैक अदालतें, लोक अदालतें, मध्यस्थता और ऑनलाइन सुनवाई उपयोगी हैं, लेकिन ऑनलाइन तारीख से मुकदमा खत्म नहीं होता.
संविधान दिवस को रस्मी भाषणों और पोस्टर-बैनर से आगे ले जाना होगा. पर्याप्त न्यायिक नियुक्तियों और जवाबदेही, चुनावी तथा पुलिस सुधार, राजस्व न्यायालयों, नागरिक स्वतंत्रता और कानूनों के दुरुपयोग पर राष्ट्रीय बहस हो. रिक्त न्यायिक पद भरें, मुफ्त कानूनी सहायता की गुणवत्ता सुनिश्चित हो और भ्रष्टाचार पर कठोर कार्रवाई हो.
डॉ. भीमराव आंबेडकर ने चेताया था कि 'संविधान कितना भी अच्छा हो, उसे चलाने वाले अच्छे न हों तो वह बुरा सिद्ध हो सकता है.' संविधान की सफलता उसकी मोटाई, संशोधनों या समारोहों में नहीं, बल्कि इस बात में है कि अंतिम व्यक्ति भी सम्मान और न्याय सही समय पर पा सके.
हमारे लोकतांत्रिक व्यवस्था कके आधारस्तम्भ *विधायिका, कार्यपालिका के साथ ही न्यायपालिका व मी लॉर्ड को भी अब समझना होगा कि, संविधान जनता के लिए है, जनता संविधान के लिए नहीं.
लेखक: डॉ. राजाराम त्रिपाठी, कृषि तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था विशेषज्ञ,राष्ट्रीय संयोजक, 'अखिल भारतीय किसान महासंघ' (आईफा)