बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय किसान मेला–सह–प्रदर्शनी 2026 की तैयारियाँ जोर–शोर से चल रही हैं। विश्वविद्यालय परिसर में 16 से 18 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय किसान मेले को लेकर विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं। मेले में किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि उद्यमियों, छात्र–छात्राओं तथा कृषि क्षेत्र से जुड़े विभिन्न संस्थानों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
इस वर्ष किसान मेले का मुख्य विषय “दलहन–तिलहन उत्पादन में वृद्धि द्वारा पोषण एवं खाद्य सुरक्षा” निर्धारित किया गया है। इस विषय के माध्यम से किसानों को दलहन एवं तिलहन की उन्नत खेती, नई किस्मों तथा उत्पादन बढ़ाने की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया जाएगा, जिससे प्रदेश और देश में पोषण एवं खाद्य सुरक्षा को और सुदृढ़ किया जा सके।
किसान मेले में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों से जुड़ी अनेक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। इसमें किसानों को जलवायु अनुकूल उन्नत फसल किस्मों, आधुनिक कृषि तकनीकों, छोटे एवं उपयोगी कृषि उपकरणों, मिट्टी एवं जल संरक्षण की तकनीकों, आधुनिक सिंचाई प्रणालियों तथा कृषि यंत्रीकरण से जुड़े नवीन समाधानों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा किसानों को कृषि आधारित उद्यमिता के अवसरों से भी अवगत कराया जाएगा।
मेले के दौरान किसानों और वैज्ञानिकों के बीच सीधा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें किसान अपनी समस्याओं को सीधे कृषि वैज्ञानिकों के समक्ष रख सकेंगे और उनके व्यावहारिक समाधान प्राप्त कर सकेंगे। साथ ही मेले में उन्नत बीज एवं पौध सामग्री, कृषि जैव उत्पाद, कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी, पशु प्रदर्शनी, पुष्प प्रदर्शनी तथा उद्यान प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। विभिन्न सरकारी विभागों एवं संस्थानों द्वारा किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
किसान मेले को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शनी पंडाल, स्टॉल, तकनीकी सत्रों के आयोजन स्थल, किसान गोष्ठी स्थल तथा आगंतुकों के लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। राज्य के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी किसानों के आने की संभावना को देखते हुए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारी की जा रही है।
इस संबंध में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ डी आर सिंह ने कहा कि,
बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर द्वारा आयोजित राष्ट्रीय किसान मेला किसानों, वैज्ञानिकों और कृषि उद्यमियों के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है। इस वर्ष मेले का विषय ‘दलहन–तिलहन उत्पादन में वृद्धि द्वारा पोषण एवं खाद्य सुरक्षा’ रखा गया है, जो वर्तमान समय की आवश्यकता को दर्शाता है। इस मेले के माध्यम से किसानों को नवीन कृषि तकनीकों, उन्नत किस्मों तथा कृषि आधारित उद्यमिता की जानकारी मिलेगी। मैं बिहार सहित आसपास के राज्यों के सभी किसान भाईयों–बहनों से आग्रह करता हूँ कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस किसान मेले में भाग लें और नई तकनीकों को अपनाकर खेती को अधिक लाभकारी बनाएं।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी किसान भाईयों–बहनों, कृषि उद्यमियों, विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों से अपील की है कि वे 16 से 18 मार्च 2026 तक बिहार कृषि विश्वविद्यालय, सबौर में आयोजित राष्ट्रीय किसान मेला–सह–प्रदर्शनी 2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और इस आयोजन को सफल बनाएं।