गर्मी के इस मौसम में लोग तपती धूप से बचने के लिए ऐसे फलों का सहारा लेते हैं, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखें. इन्हीं में से एक है तरबूज, जो न सिर्फ स्वादिष्ट होता है बल्कि पानी की कमी भी दूर करता है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि लंच या डिनर के तुरंत बाद तरबूज Watermelon खाना आपके पाचन के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है? यानी गैस, एसिडिटी और ब्लोटिंग जैसी समस्याओं का आपको सामना करना पड़ सकता है.
क्यों होता है ऐसा?
गर्मियों के मौसम में हमारा पाचन तंत्र थोड़ा धीमा हो जाता है. शरीर इस दौरान अधिक ऊर्जा बॉडी टेम्परेचर को संतुलित रखने में लगाता है. ऐसे में जब हम भारी भोजन, जैसे ज्यादा तेल, मसाले या प्रोटीन से भरपूर खाना-खाते हैं, तो उसे पचने में समय लगता है.
वहीं, तरबूज एक ऐसा फल है जिसमें 90 प्रतिशत से ज्यादा पानी होता है और यह बहुत तेजी से पचता है. जब आप भारी खाने के तुरंत बाद तरबूज खाते हैं, तो यह पेट में जाकर बाकी भोजन के पचने का इंतजार करता है. इस दौरान तरबूज में मौजूद शुगर आंतों में फर्मेंट होने लगती है, जिससे गैस और पेट फूलने की समस्या होने लगती है.
किन लोगों को ज्यादा सावधान रहना चाहिए?
कुछ लोगों के लिए यह समस्या और भी गंभीर हो सकती है. खासकर वे लोग जिनका पाचन तंत्र संवेदनशील होता है या जिन्हें पहले से पेट से जुड़ी समस्याएं हैं.
-
IBS (इरिटेबल बाउल सिंड्रोम) से पीड़ित लोगों को तरबूज सीमित मात्रा में और सही समय पर ही खाना चाहिए.
-
जिन लोगों को बार-बार एसिडिटी या अपच की शिकायत रहती है, उन्हें भोजन के तुरंत बाद तरबूज से दूरी बनानी चाहिए.
-
सेंसिटिव गट वाले लोगों को फ्रक्टोज पचाने में दिक्कत होती है, जिससे गैस की समस्या बढ़ सकती है.
क्या तरबूज नुकसानदायक है?
यह समझना जरूरी है कि तरबूज अपने आप में नुकसानदायक नहीं है. बल्कि यह गर्मियों के लिए एक बेहतरीन फल है, जो शरीर को हाइड्रेटेड रखने के साथ-साथ विटामिन्स और मिनरल्स भी देता है. समस्या तब होती है जब इसे गलत समय या गलत तरीके से खाया जाता है.
तरबूज खाने के सही नियम
अगर आप तरबूज का पूरा फायदा उठाना चाहते हैं और पेट से जुड़ी समस्याओं से बचना चाहते हैं, तो इन आसान नियमों को अपनाएं
1. सही समय चुनें
तरबूज हमेशा दो मील के बीच खाएं, जैसे मिड-मॉर्निंग या शाम के समय. इसे लंच या डिनर के तुरंत बाद खाने से बचें.
2. अकेले खाएं, मिक्स न करें
तरबूज को दूध, दही या तली-भुनी चीजों के साथ मिलाकर खाने से बचें. इसे हमेशा अकेले ही खाना बेहतर होता है.
3. मात्रा का रखें ध्यान
एक बार में बहुत ज्यादा तरबूज खाने से पेट का एसिड बैलेंस बिगड़ सकता है. इसलिए सीमित मात्रा में ही सेवन करें.
4. बहुत ठंडा न खाएं
फ्रिज से निकालकर तुरंत बर्फ जैसा ठंडा तरबूज खाने से पाचन पर असर पड़ सकता है. इसे थोड़ा सामान्य तापमान पर लाकर ही खाएं.
लेखक: रवीना सिंह