बारिश हो या तेज गर्मी या फिर नमी का मौसम ऐसे में लोगों के सामने सबसे बड़ी परेशानी आती है कि कैसे रसोई में रखें आलूओं को अंकुरित और खराब होने से बचाया जाए. आलू एक ऐसी सब्जी है जिसकों अगर अधिक मात्रा में खरीदकर सही से स्टोरेज नहीं किया जाए तो आलू पर छोटे-छोटे अंकुर निकलने लगते हैं. धीरे-धीरे आलू सिकुड़ने लगता है और उसकी गुणवत्ता भी प्रभावित हो जाती है. अगर आप भी आलू को लंबे समय तक स्टोर करके रखना चाहते हैं, तो जानें ये आसान तरीके.
आलू को कहां रखना चाहिए?
आलू को स्टोर करने के लिए ठंडी, सूखी, अंधेरी और हवादार जगह बेहतर मानी जाती है. इसे ऐसी जगह रखने से बचें जहां लगातार धूप या गर्मी पहुंचती हो. ज्यादा रोशनी के संपर्क में आने से आलू में हरेपन की समस्या बढ़ सकती है और अंकुर निकलने की प्रक्रिया भी तेज हो सकती है. रसोई में किसी ऐसे स्थान का इस्तेमाल किया जा सकता है जहां हवा का आवागमन बना रहता हो और तापमान बहुत ज्यादा गर्म न हो.
प्लास्टिक बैग में बंद करके न रखें
आलू को पूरी तरह बंद प्लास्टिक बैग में रखना आम गलती है. प्लास्टिक के अंदर नमी जमा हो सकती है, जिससे आलू के जल्दी खराब होने का खतरा बढ़ जाता है. इसके बजाय आप आलू को जूट की बोरी, पेपर बैग या हवादार टोकरी में रखना बेहतर विकल्प हो सकता है. इससे हवा का थोड़ा आवागमन बना रहता है और अतिरिक्त नमी जमा होने की संभावना कम होती है.
स्टोर करने से पहले आलू को न धोएं
कई लोग बाजार से आलू लाने के बाद उन्हें धोकर रख देते हैं, लेकिन लंबे समय तक स्टोर करने के लिए ऐसा करना सही तरीका नहीं है. आलू की सतह पर पानी या नमी रह जाने से उसके खराब होने की प्रक्रिया तेज हो सकती है. इसलिए बेहतर है कि आलू को इस्तेमाल करने से ठीक पहले ही अच्छी तरह धोया जाए. स्टोरेज से पहले आलू को सूखी अवस्था में रखना अधिक उपयुक्त है.
प्याज और आलू को अलग-अलग रखें
आलू और प्याज को एक ही टोकरी या कंटेनर में रखना भी एक आम गलती है. दोनों को अलग-अलग जगह रखना बेहतर होता है, क्योंकि एक साथ रखने पर उनके आसपास नमी और गैसों का प्रभाव स्टोरेज पर पड़ सकता है. अगर घर में आलू और प्याज दोनों ज्यादा मात्रा में रखे जाते हैं, तो उनके लिए अलग-अलग हवादार स्थान चुनें.
क्या आलू को फ्रिज में रखना चाहिए?
कच्चे आलू को आम तौर पर घर की ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखना अधिक उपयुक्त माना जाता है. बहुत कम तापमान में रखने से आलू के स्वाद और पकाने के तरीके में बदलाव आ सकता है. इसलिए आलू को फ्रिज में रखने से पहले उसके स्टोरेज की जरूरत और घर के तापमान को ध्यान में रखना चाहिए.
हरे या ज्यादा अंकुर वाले आलू से रहें सावधान
अगर आलू हरा पड़ गया है, बहुत कड़वा स्वाद दे रहा है, सड़ चुका है या उसमें बड़े अंकुर निकलने के साथ-साथ खराबी के दूसरे संकेत भी दिखाई दे रहे हैं, तो उसे खाने से पहले सावधानी बरतें. केवल अंकुर काटकर हटाना हर स्थिति में आलू को सुरक्षित नहीं बना देता.
लेखक: रवीना सिंह