लहसुन भारतीय रसोई का एक बेहद जरूरी हिस्सा है. सब्जी हो, दाल, चटनी या फिर कोई मसालेदार ग्रेवी, लहसुन का इस्तेमाल खाने का स्वाद और खुशबू दोनों बढ़ा देता है. लेकिन जहां लहसुन खाना बनाने के स्वाद को बेहतर करता है, वहीं इसकी कलियों को छीलना कई लोगों के लिए किसी झंझट से कम नहीं होता. खासकर जब एक साथ ज्यादा मात्रा में लहसुन की जरूरत हो, तब एक-एक कली का छिलका उतारने में काफी समय लग जाता है. अगर आप भी लहसुन छीलने के इस काम से परेशान रहते हैं, तो आपको एक आसान घरेलू ट्रिक जरूर जाननी चाहिए.
डिब्बे वाली ट्रिक से मिनटों में छीलें लहसुन
लहसुन छीलने का सबसे आसान तरीका आपके घर में मौजूद एक साधारण डिब्बे से किया जा सकता है. इसके लिए सबसे पहले लहसुन की गांठ से सभी कलियों को अलग कर लें. अब एक ऐसा डिब्बा लें, जिसका ढक्कन अच्छी तरह बंद हो सके. इसके बाद सभी लहसुन की कलियों को डिब्बे के अंदर डालें और उसका ढक्कन मजबूती से बंद कर दें. इसके बाद डिब्बे को करीब 20 से 30 सेकेंड तक तेजी से हिलाएं. इस दौरान डिब्बे के अंदर मौजूद लहसुन की कलियां आपस में और डिब्बे की सतह से टकराएंगी.
इसके बाद डिब्बे को खोलकर देखें. आपको कई लहसुन की कलियों के छिलके पहले ही ढीले या अलग हुए नजर आ सकते हैं. इसके बाद बचे हुए छिलकों को हाथ से आसानी से निकाल लें. इस तरीके से एक-एक कली को नाखून से छीलने की मेहनत काफी कम हो जाती है.
गर्म पानी की ट्रिक
अगर आप सब्जी तरकारी में लहसुन का इस्तेमाल करते हैं और आपको भी इसकों छीलने में परेशानी का सामना करना पड़ता है, तो आप इस आसान ट्रिक की मदद से लहसुन को आसानी से छील सकते हैं. सबसे पहले लहसुन की सारी कलियों को अलग कर लें. इसके बाद एक बर्तन में पानी हल्का गुनगुना करें और उसमें लहसुन की कलियों को 1-2 मिनट के लिए डुबोकर रख दें. इसके बाद छिलका ढीला हो जाएगा और आप हाथों से मसलकर आसानी से लहसुन की छिलका छील सकते हैं.
ज्यादा लहसुन छीलना हो तो इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपको बड़ी मात्रा में लहसुन छीलना है, तो इस ट्रिक को अपनाते समय कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखें, जो कुछ इस तरह से हैं-
-
लहसुन की कलियों को डिब्बे में डालने से पहले उन्हें अलग कर लें. इससे कलियों के बीच ज्यादा जगह बनेगी और उन्हें हिलाने पर छिलका ढीला होने में मदद मिल सकती है.
-
अगर किसी कली का छिलका बहुत ज्यादा चिपका हुआ है, तो उसे हल्का-सा दबाकर भी रखा जा सकता है. लेकिन कली को बहुत ज्यादा न दबाएं, वरना लहसुन कुचल सकता है और उसका इस्तेमाल करना मुश्किल हो सकता है.
-
तो अगली बार जब आपको खाना बनाने के लिए ज्यादा मात्रा में लहसुन छीलना पड़े, तो एक-एक कली को नाखून से छीलने के बजाय इस आसान घरेलू ट्रिक को आजमाकर देख सकते हैं. डिब्बे या स्टील की कटोरियों की मदद से लहसुन के छिलके को ढीला करना आसान हो सकता है और आपका काफी समय भी बच सकता है.
लेखक: रवीना सिंह