भारतीय रसोई में पनीर को शाकाहारी खाने का अहम हिस्सा माना जाता है और पनीर (Paneer) खाने से सेहत को भी कई चमत्कारी लाभ मिलते हैं. इसमें मौजूद प्रोटीन, कैल्शियम और हेल्दी फैट का अच्छा स्रोत है, जो मांसपेशियों को मजबूत रखता है. इसी के चलते बाजारों में एनालॉग पनीर को लेकर चर्चा तेज हो गई है और इस पनीर के सेवन से लोगों की सेहत पर भी बुरा प्रभाव पड़ रहा है, तो चलिए इस आर्टिकल में जानते हैं आखिर क्या है ये एनालॉग पनीर और कैसे करें शुद्ध पनीर की पहचान.
एनालॉग पनीर क्या है?
एनालॉग पनीर एक नकली या गैर-डेयरी उत्पाद है जो दिखने में बिल्कुल असली पनीर जैसा होता है. ऐसे में आपको जानकर हैरानी होगी की इस पनीर को पाम ऑयल, वनस्पति तेल, स्किम्ड मिल्क पाउडर, स्टार्च और केमिकल मिलाकर तैयारी किया जा रहा है और इस पनीर को हर बाजारों में जोरों-शोरों से बेचा भी जा रहा है. साथ ही इस पनीर के सेवन से लोगों की सेहत पर भी बुरे प्रभाव हो रहे हैं.
असली पनीर और एनालॉग पनीर में क्या अंतर?
असली डेयरी पनीर मुख्य रूप से दूध से तैयार होता है. इसमें दूध से मिलने वाला प्रोटीन और फैट मौजूद होता है. दूसरी तरफ, एनालॉग पनीर में दूध से प्राप्त सामग्री के साथ अलग-अलग वनस्पति वसा, स्टार्च और खाद्य एडिटिव्स का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसलिए दोनों की पोषण संरचना एक जैसी होना जरूरी नहीं है. किसी उत्पाद में प्रोटीन की मात्रा कितनी है, फैट कितना है और उसमें कौन-कौन से एडिटिव्स मौजूद हैं, इसकी सही जानकारी पैकेट के न्यूट्रिशन लेबल और इंग्रीडिएंट लिस्ट से ही मिलती है.
पनीर खरीदते समय कैसे करें पहचान?
पनीर खरीदते समय सिर्फ उसका रंग, आकार या सख्ती देखकर फैसला न करें. सबसे पहले पैकेट पर दी गई Ingredients List पढ़ें. देखें कि उत्पाद में मुख्य सामग्री क्या है और उसमें वेजिटेबल फैट, स्टार्च या अन्य सामग्री किस मात्रा में मौजूद है.
इसके अलावा इन बातों का ध्यान रखें-
-
पैकेट पर उत्पाद का सही नाम पढ़ें.
-
Ingredients List जरूर चेक करें.
-
Nutrition Information में प्रोटीन, फैट और सोडियम की मात्रा देखें.
-
पैकेट की पैकिंग, सील और एक्सपायरी डेट जांचें.
-
खुले और संदिग्ध तरीके से रखे गए पनीर से बचना बेहतर है.
-
बहुत कम कीमत देखकर तुरंत खरीदारी न करें.
-
भरोसेमंद विक्रेता या प्रतिष्ठित ब्रांड से खरीदारी करें.
FSSAI के नियमों को समझना भी जरूरी
अगर आप बाजार से पनीर खरीद रहे हैं तो इसमें खाद्य उत्पादों की सुरक्षा और लेबलिंग के लिए भारत में Food Safety and Standards Authority of India (FSSAI) की भूमिका महत्वपूर्ण है. किसी भी पनीर जैसे उत्पाद को खरीदते समय उपभोक्ताओं इस बात का विशेष रुप से ख्याल रखें कि वह किस श्रेणी में आता है और उसकी लेबलिंग नियमों के अनुरूप है या नहीं.
लेखक: रवीना सिंह